BRICS Summit 2026: भारत मंडपम में पुतिन का PM मोदी ने किया गर्मजोशी से स्वागत, गले मिले दोनों नेता
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत दौरे पर पहुंचे, जहां पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात में व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को भारत दौरे पर पहुंचे। दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और एक-दूसरे को गले लगाया। इस दौरान भारत और रूस के बीच रिश्तों की मजबूती का संदेश भी देखने को मिला।
पीएम मोदी ने पुतिन को भेंट की खास पुस्तक
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को एक पुस्तक भेंट की। पीएम मोदी ने बताया कि यह करीब 2,000 साल पुराना भारतीय ग्रंथ है, जिसका रूसी भाषा में अनुवाद किया गया है। उन्होंने इसे भारत और रूस के लोगों के बीच पीपल-टू-पीपल कनेक्ट को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
पुतिन के भारत मंडपम पहुंचने पर दोनों नेताओं के बीच कुछ देर गर्मजोशी से बातचीत भी हुई। इसके बाद पीएम मोदी ने रूसी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की।
द्विपक्षीय बातचीत में कई मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद
BRICS सम्मेलन से पहले पीएम मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक हो रही है। माना जा रहा है कि बातचीत में भारत-रूस व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
भारत रूस से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है। ऐसे में ऊर्जा सहयोग के साथ दोनों देशों के बीच व्यापार को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शनिवार से शुरू होगा BRICS शिखर सम्मेलन
भारत की मेजबानी में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन शनिवार से दिल्ली में शुरू होगा। दो दिवसीय सम्मेलन में खाद्य, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और महत्वपूर्ण आपूर्ति शृंखलाओं समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा समेत कई देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

