Jaipur News: अंडरपास में भरे पानी में मिली युवक की लाश, दो दिन से था लापता
जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में दादनपुरा पुलिया के नीचे अंडरपास में भरे पानी से 26 वर्षीय आशीष बैरवा का शव मिला। पुलिस के अनुसार युवक दो दिन से लापता था और प्रारंभिक जांच में पानी में गिरने से मौत की आशंका है।
जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अंडरपास में भरे पानी के अंदर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव दादनपुरा पुलिया के नीचे मिला। मृतक की पहचान जगतपुरा कच्ची बस्ती निवासी आशीष बैरवा (26) पुत्र कैलाश बैरवा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
दो दिन पहले घर से निकला था युवक
पुलिस के अनुसार, आशीष करीब दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दादनपुरा पुलिया के नीचे अंडरपास में भरे पानी में लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। पानी में लाश मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
SDRF की मदद से निकाला शव
सूचना मिलने पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने SDRF टीम की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद FSL टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मृतक की पहचान की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्चुरी में रखवाया है।
पानी में गिरने से मौत की आशंका
शिवदासपुरा थाना SHO राजेश गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आशीष अंडरपास में भरे पानी में गिर गया होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई। शव करीब दो दिन पुराना होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

