Homemade Chandan Face Pack: गर्मियों में चेहरे की खोई चमक लौटाएगा चंदन, गुलाबजल से बनाएं आसान फेस पैक
गर्मियों में चंदन और गुलाबजल से बना फेस पैक त्वचा को ठंडक और ताजगी देने में मदद कर सकता है। जानें इसे बनाने और इस्तेमाल करने का आसान तरीका।
गर्मियों में तेज धूप, पसीना और धूल-मिट्टी की वजह से त्वचा का निखार कम होने लगता है। कई बार चेहरा ज्यादा ऑयली नजर आता है और कील-मुंहासों की समस्या भी परेशान कर सकती है। ऐसे में चंदन से बने फेस पैक त्वचा को ठंडक और ताजगी देने में मदद कर सकते हैं। चंदन को गुलाबजल, हल्दी और शहद जैसी चीजों के साथ मिलाकर आसानी से फेस पैक तैयार किया जा सकता है।
चंदन और गुलाबजल से बनाएं फेस पैक
चंदन और गुलाबजल का फेस पैक बनाने के लिए 1 चम्मच चंदन पाउडर और 2 चम्मच गुलाबजल लें। दोनों चीजों को एक कटोरी में डालकर अच्छी तरह मिलाएं और गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
अब चेहरे को साफ पानी से धोकर सुखा लें। इसके बाद तैयार पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह लगाएं। इसे करीब 10-15 मिनट तक लगा रहने दें। जब फेस पैक सूखने लगे तो सामान्य पानी से चेहरा धो लें।
चेहरे को देगा ठंडक और फ्रेश लुक
चंदन और गुलाबजल का यह फेस पैक गर्मियों में त्वचा को ठंडक और ताजगी देने में मदद कर सकता है। इसके इस्तेमाल से चेहरा कुछ समय के लिए फ्रेश और ग्लोइंग नजर आ सकता है।
ध्यान रखें: किसी भी घरेलू फेस पैक को चेहरे पर लगाने से पहले हाथ या कान के पास थोड़ी मात्रा में पैच टेस्ट जरूर कर लें। जलन, खुजली या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल न करें।

