Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा राजस्थान के खिलाड़ी का 57 साल पुराना रिकॉर्ड, दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में जड़ी फिफ्टी

वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी में 15 साल 175 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। जानें किस खिलाड़ी का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त।

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा राजस्थान के खिलाड़ी का 57 साल पुराना रिकॉर्ड, दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में जड़ी फिफ्टी

दलीप ट्रॉफी में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 57 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव ने 31 अगस्त को टूर्नामेंट में अर्धशतक लगाकर दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने महज 15 साल 175 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।

इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ी सादड़ी क्षेत्र के बोहेड़ा गांव निवासी लक्ष्मण सिंह बोहेड़ा के नाम दर्ज था। लक्ष्मण सिंह ने वर्ष 1969 में सेंट्रल जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए 16 साल 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था।

लक्ष्मण सिंह बोहेड़ा राजस्थान क्रिकेट के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे हैं। उन्होंने 1966-67 से 1977-78 तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 53 मैच खेले और 2423 रन बनाए।

उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 231 रन रहा। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 4 शतक और 13 अर्धशतक दर्ज हैं। अब वैभव सूर्यवंशी ने लक्ष्मण सिंह बोहेड़ा के 57 साल पुराने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए दलीप ट्रॉफी के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का नया कीर्तिमान बना दिया है।