खाटूश्यामजी जाने वाले भक्तों के लिए जरूरी खबर, 8 से 10 सितंबर तक बंद रहेंगे मंदिर के पट
खाटूश्यामजी मंदिर में 8 सितंबर रात 10 बजे से 10 सितंबर सुबह 4:30 बजे तक आम श्रद्धालुओं के दर्शन बंद रहेंगे। 9 सितंबर को विशेष सेवा-पूजा आयोजित होगी।
खाटूश्यामजी के भक्तों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप सितंबर महीने में बाबा श्याम के दर्शन के लिए जाने का प्लान बना रहे हैं, तो 8 से 10 सितंबर के बीच खाटूश्यामजी मंदिर जाने से बचें। मंदिर कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विशेष सेवा-पूजा के चलते इस दौरान आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे।
8 सितंबर रात 10 बजे से बंद होंगे पट
श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मुताबिक 8 सितंबर की रात 10 बजे से 10 सितंबर की सुबह 4:30 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे।
9 सितंबर को होगी विशेष सेवा-पूजा
मंदिर कमेटी ने बताया कि 9 सितंबर को बाबा श्याम की विशेष सेवा-पूजा आयोजित की जाएगी। इसी वजह से आम दर्शन की व्यवस्था बंद रहेगी। मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय के बाद ही दर्शन के लिए आने की अपील की है।
भक्तों से सहयोग की अपील
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। दर्शन के लिए आने वाले भक्त बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
हर महीने पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु
खाटूश्यामजी राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां हर महीने बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भक्त बाबा श्याम को ‘हारे का सहारा’ मानते हैं और दूर-दूर से उनकी पूजा-अर्चना के लिए खाटू धाम आते हैं।

