Jaipur Crime: डिलीवरी बॉय से लूट, नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर 20 हजार कैश और मोबाइल छीना

जयपुर के जगतपुरा में नकाबपोश बदमाशों ने डिलीवरी बॉय से मारपीट कर करीब 20 हजार रुपये कैश और मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने मोबाइल से जबरन 2700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए, जबकि पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।

Jaipur Crime: डिलीवरी बॉय से लूट, नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर 20 हजार कैश और मोबाइल छीना

शहर में डिलीवरी बॉय से लूट का मामला सामने आया है। कार से आए नकाबपोश बदमाशों ने रास्ता रोककर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की और उसके पास रखे करीब 20 हजार रुपये कैश व मोबाइल फोन लूट लिया। इसके अलावा बदमाशों ने जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए भी रुपये अपने खाते में डलवाए।

वारदात की सूचना मिलने पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।

बाइक से लौटते समय रोका रास्ता

ASI मानसिंह ने बताया कि लूट की वारदात करौली के कुड़गांव निवासी संतराम मीना (25) के साथ हुई। वह स्विगी कंपनी में डिलीवरी पार्टनर के तौर पर काम करता है।

मंगलवार रात करीब 11 बजे संतराम स्विगी का ऑर्डर डिलीवर करने के बाद बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जगतपुरा स्थित महल रोड पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार उसकी बाइक के आगे आकर रुकी और उसका रास्ता रोक दिया।

पांच नकाबपोश बदमाशों ने की मारपीट

कार रुकते ही उसमें सवार पांच नकाबपोश युवक नीचे उतरे। आरोप है कि उन्होंने संतराम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उसकी जेब में रखे करीब 20 हजार रुपये कैश निकाल लिए।

इसके बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। मारपीट कर उससे दो बार में कुल 2,700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

लूटपाट के बाद आरोपी कार से मौके से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई, लेकिन कार सवार बदमाश हाथ नहीं लगे।

पुलिस वारदातस्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही कार और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।