Jaipur News : दिनदहाड़े शराब दुकान से गल्ला उठाकर बदमाश फरार, कर्मचारियों के सामने हुई वारदात; CCTV से तलाश
जयपुर के विद्याधर नगर में दिनदहाड़े शराब की दुकान से बदमाश गल्ला उठाकर फरार हो गया। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
शहर में बुधवार को दिनदहाड़े शराब की दुकान में लूट का मामला सामने आया है। कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद एक बदमाश दुकान के काउंटर से गल्ला उठाकर उसमें रखे रुपये निकालकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कर्मचारी आपस में कर रहे थे बातचीत
SHO विद्याधर नगर सज्जन कुमार ने बताया कि वारदात मंदिर मोड़ स्थित शराब की दुकान में हुई। बुधवार शाम करीब 5 बजे दुकान के अंदर की तरफ दो-तीन कर्मचारी आपस में बातचीत करते हुए काम कर रहे थे।
इसी दौरान एक बदमाश दुकान के काउंटर के पास पहुंचा। कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद उसने काउंटर के अंदर हाथ डालकर गल्ला उठा लिया।
गल्ला लेकर मौके से हुआ फरार
बदमाश गल्ला लेकर दुकान से फरार हो गया। कर्मचारियों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद विद्याधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस गल्ले में रखी रकम और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

