Jaipur News: परिचित युवक ने 17 साल की नाबालिग का किया अपहरण, घर से गहने और 1.65 लाख रुपए भी ले गया
जयपुर में निकाय चुनाव की वोटिंग के दौरान घर से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि परिचित युवक लड़की को साथ ले जाने के अलावा लाखों रुपए के गहने और 1.65 लाख रुपए नकद भी ले गया।
जयपुर में एक परिचित युवक पर 17 साल की नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के लिए परिवार के लोग घर से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपी परिचित घर पहुंचा और नाबालिग को अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक घर से लाखों रुपए के गहने और 1.65 लाख रुपए कैश भी लेकर फरार हो गया।
वोट डालने गए थे परिजन, पीछे से घर आया आरोपी
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी परिवार निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के लिए घर से बाहर गया था। उस दौरान नाबालिग बेटी और उसका भाई घर पर थे। आरोप है कि इसी बीच परिवार का परिचित युवक घर पहुंचा और 17 वर्षीय लड़की को जबरन अपने साथ ले गया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी घर में रखे बक्से से सोने के कुंडल, मंगलसूत्र, चांदी की कनकती और पायजेब के साथ करीब 1.65 लाख रुपए नकद भी ले गया।
भाई ने फोन कर परिजनों को दी जानकारी
नाबालिग बहन को युवक के साथ जाते देखने के बाद उसके भाई ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला।
परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वहां भी ताला लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी और नाबालिग के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम नाबालिग और आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। साथ ही घर से चोरी हुए गहनों और नकदी के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी और नाबालिग के बारे में संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।

