Jammu Kashmir News: बडगाम में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़, एक आतंकी ढेर; AK-47 बरामद
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के अशदार गली इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। उसके पास से AK-47 राइफल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद हुई है, जबकि एक से दो आतंकियों की तलाश में ऑपरेशन जारी है।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के अशदार गली इलाके में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। संयुक्त ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया। उसके कब्जे से AK-47 राइफल और युद्ध में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। इलाके में अभी एक से दो आतंकियों के छिपे होने की सूचना है और ऑपरेशन जारी है।
खुफिया सूचना पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर CRPF ने अशदार गली इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। यह क्षेत्र पीर पंजाल रेंज में आता है और दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले तथा जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले की सीमा से लगा हुआ है।
तलाशी अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षाबलों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई।
एक आतंकी मारा गया, ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को ढेर कर दिया। उसके पास से AK-47 राइफल समेत अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं और एक से दो अन्य आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते ऑपरेशन जारी है।
पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि बडगाम में सेना और अन्य सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में एक आतंकवादी मारा गया है।
युसमार्ग के ऊंचे इलाकों में भी चला था ऑपरेशन
इस घटना से कुछ घंटे पहले बडगाम जिले के युसमार्ग के ऊंचाई वाले इलाकों में भी आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया गया था। घने जंगल वाले क्षेत्र में कुछ देर गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया था। इसके बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।
26 अगस्त को बुगाम में बरामद हुआ था हथियारों का जखीरा
इससे पहले 26 अगस्त को भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर CRPF ने कुलगाम के बुगाम इलाके में संयुक्त अभियान चलाया था। तलाशी के दौरान पांच संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया था।
सुरक्षाबलों ने मौके से चार एमएम पिस्तौल, चार पिस्तौल मैगजीन, दो हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद समेत युद्ध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की थी। बरामद सामान और पकड़े गए संदिग्धों को आगे की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया था।

