विपक्ष के मार्च पर दिलीप जायसवाल का हमला, बोले- 'इन कॉकरोचों को दौड़ा-दौड़ाकर बताएगी जनता'
INDIA ब्लॉक के दिल्ली मार्च के बीच बिहार बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने SIR का बचाव करते हुए विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR के मुद्दे को लेकर INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च के बीच बीजेपी नेता और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जायसवाल ने विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष सोशल मीडिया के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश न करे। इसी दौरान उन्होंने विपक्षी नेताओं के लिए 'कॉकरोच' शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि जिस दिन जनता जागेगी, वह उन्हें जवाब देगी।
'जनता जिस दिन जागी, दौड़ा-दौड़ाकर बताएगी'
दिलीप जायसवाल ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को इंस्टाग्राम और फेसबुक की ताकत से अस्थिर करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश विचारधारा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलेगा।
जायसवाल ने कहा, "इस देश की जनता जिस दिन जग गई, इन कॉकरोचों को दौड़ा-दौड़ाकर बताएगी कि ये देश इन कॉकरोचों और इंस्टाग्राम से नहीं चलेगा बल्कि विचारधारा से चलेगा।"
उन्होंने विपक्ष के आंदोलन को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि विपक्षी दलों को लोकतंत्र और संविधान पर भरोसा रखना चाहिए।
SIR को लेकर क्या बोले दिलीप जायसवाल?
विपक्ष की ओर से SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच जायसवाल ने मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया का बचाव किया।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची से हटने चाहिए। इसी तरह यदि किसी व्यक्ति का नाम दो जगह दर्ज है तो उसे एक जगह से हटाया जाना चाहिए।
जायसवाल ने कहा कि SIR के दौरान यदि किसी इलाके के लोग बताते हैं कि कोई व्यक्ति लंबे समय से वहां नहीं रह रहा है, तो उसके नाम की जांच होना स्वाभाविक है। उन्होंने इसे ही SIR की प्रक्रिया का हिस्सा बताया।
'विपक्ष लंगटई पर उतर गया'
बिहार सरकार के मंत्री ने विपक्ष पर सत्ता से दूरी के कारण बेचैनी में होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को जनता पर भरोसा रखना चाहिए।
जायसवाल ने कहा कि 2029 में लोकसभा चुनाव होना है और जनता की ताकत से चुनी गई सरकार को काम करने देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से लोकतंत्र और संविधान पर विश्वास रखने की अपील की।
दिल्ली में INDIA ब्लॉक का विरोध मार्च
बता दें कि मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने दिल्ली में संसद से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च निकाला। विपक्षी दलों की ओर से CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मार्च को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया था, जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने धरना दिया। इस दौरान कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई। इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच बिहार में भी विपक्ष की ओर से प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।

