BRICS Summit 2026: घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा, आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के समापन पर ‘दिल्ली डिक्लेरेशन 2026’ को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। घोषणापत्र में 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया गया।
दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में शनिवार को ‘दिल्ली डिक्लेरेशन 2026’ को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। घोषणापत्र में आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा की गई है। इसमें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले का भी स्पष्ट उल्लेख किया गया है।
घोषणापत्र में पहलगाम हमले का जिक्र
BRICS घोषणापत्र के 40वें बिंदु में पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया कि आतंकवाद का कोई भी कृत्य निंदनीय और आपराधिक है, चाहे उसके पीछे कोई भी मकसद हो, वह कहीं भी हुआ हो या किसी ने भी किया हो।
घोषणापत्र में 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। BRICS देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से मुकाबला करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
घोषणापत्र में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया कि आतंकवाद को किसी भी आधार या उद्देश्य के नाम पर उचित नहीं ठहराया जा सकता।
भारत के लिए इस बयान को अहम कूटनीतिक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि BRICS के मंच पर आतंकवाद के मुद्दे पर सभी सदस्य देशों की सहमति बनी है।
चीन और रूस समेत सभी देशों ने की निंदा
घोषणापत्र में चीन और रूस समेत BRICS के सभी सदस्य देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। इसमें आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई और सभी तरह के आतंकवादी कृत्यों का विरोध करने की बात कही गई है।
दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक शांति, सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। दिल्ली डिक्लेरेशन को सभी सदस्य देशों की सहमति से मंजूरी मिलना सम्मेलन के प्रमुख घटनाक्रमों में शामिल रहा।

