योगी सरकार का बुजुर्ग महिलाओं को बड़ा तोहफा, 60+ उम्र में रोडवेज बसों में जीवनभर मुफ्त सफर; जानें नियम
उत्तर प्रदेश में 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को UPSRTC बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। जानें योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और नियम।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच योगी सरकार ने प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। रक्षाबंधन से पहले सरकार ने 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में आजीवन मुफ्त सफर की सुविधा देने की शुरुआत की है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ की आधिकारिक शुरुआत की।
इस योजना का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को यात्रा के खर्च से राहत देना और उन्हें राज्य परिवहन की बसों में सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है। अगर आपके घर में भी 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिला हैं, तो उनके लिए यह योजना काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।
60 साल या उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं को मिलेगा लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए सबसे जरूरी शर्त उम्र है। 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं इस सुविधा के लिए पात्र होंगी। 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को सामान्य नियमों के तहत बस का टिकट लेना होगा। यह सुविधा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में लागू होगी।
मुफ्त यात्रा के लिए आधार या वोटर आईडी जरूरी
मुफ्त यात्रा के लिए फिलहाल किसी जटिल आवेदन प्रक्रिया की जरूरत नहीं होगी। यात्रा के दौरान पात्र महिला को अपना मूल आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड साथ रखना होगा। बस में कंडक्टर को पहचान पत्र दिखाने पर उम्र और उत्तर प्रदेश के निवासी होने का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद महिला यात्री को मुफ्त यानी जीरो बैलेंस टिकट जारी किया जाएगा।
जल्द जारी किए जाएंगे स्मार्ट कार्ड
सरकार भविष्य में इस व्यवस्था को और आसान बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पात्र महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाने की योजना है। स्मार्ट कार्ड के जरिए महिलाएं बस में लगे स्कैनर से कार्ड स्कैन कराकर आसानी से यात्रा कर सकेंगी। इससे टिकट जारी करने की प्रक्रिया भी और सरल हो जाएगी।
रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं को भी मुफ्त बस यात्रा
वहीं, रक्षाबंधन के मौके पर सरकार ने महिलाओं को एक और राहत दी है। इस अवसर पर हर उम्र की महिला और उसके एक सह-यात्री को रोडवेज और सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। ऐसे में बहनों को राखी बांधने के लिए भाई के घर जाने में बस किराए की चिंता नहीं करनी होगी।

