जयपुर में मकान की छत पर लगे मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, 10 लाख का नुकसान

जयपुर के अजमेर रोड पर पुरानी चुंगी के पास मकान की छत पर लगे मोबाइल टावर में आग लग गई। दमकल ने सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब 10 लाख के नुकसान की बात सामने आई है।

जयपुर में मकान की छत पर लगे मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, 10 लाख का नुकसान

जयपुर में रविवार दोपहर एक मकान की छत पर लगे मोबाइल टावर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टावर से उठती आग की लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। हादसे में मोबाइल टावर की वायरिंग और अन्य उपकरण जल गए। मकान मालिक ने करीब 10 लाख रुपए के नुकसान की बात बताई है।

दोपहर 12:45 बजे अचानक लगी आग

जानकारी के अनुसार, अजमेर रोड पर पुरानी चुंगी के पास साहिद खान का मकान है। मकान की छत पर मोबाइल टावर लगा हुआ है। रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे अचानक टावर में आग लग गई।

देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। टावर में आग लगी देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

एक दमकल गाड़ी ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही 22 गोदाम फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई। फायर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।

मोबाइल टावर ऊंचाई पर होने के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में समय लगा। करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग के कारण मोबाइल टावर की वायरिंग और कई उपकरण जल गए।

मकान मालिक के अनुसार, हादसे में करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद और स्पष्ट हो सकेगा।