दिल्ली पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह, पद संभालने के बाद पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे। 23 नवंबर को पीएम मोदी से द्विपक्षीय वार्ता होगी। जानें यात्रा के एजेंडे की पूरी जानकारी।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, निवेश और कनेक्टिविटी सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा और किसी दूसरे देश की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ आए बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यनजनकर और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी आए हैं। नेपाल के आधिकारिक सरकारी प्रतिनिधिमंडल में कुल 34 सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा 52 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में हिस्सा ले रहा है।
23 नवंबर को पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
इस यात्रा के दौरान बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। वहीं, सोमवार 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेपाली समकक्ष के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत प्रस्तावित है। इस बैठक में दोनों देशों के संबंधों के प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होगा।
द्विपक्षीय बातचीत के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन भी करेंगे।
व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर रहेगा जोर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक एवं डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार आगे बढ़ा है।
इस यात्रा में व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा होने की उम्मीद है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है।
नेपाल-भारत व्यापार मंच का होगा आयोजन
यात्रा के दौरान नेपाल-भारत व्यापार मंच भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करना और दोनों देशों के कारोबारियों को साझेदारी तथा निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार, यात्रा के दौरान संपर्क और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके अलावा कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जा सकती है।
भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने पर नजर
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के संबंधों के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की जाएगी। दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे। इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के बीच राजनीतिक संवाद और आर्थिक सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

