Apple के फोल्डेबल iPhone की बढ़ी हलचल, 9 सितंबर को लॉन्च इवेंट; जानें क्या होगा खास
Apple 9 सितंबर 2026 को लॉन्च इवेंट आयोजित करेगा। जानें फोल्डेबल iPhone, iPhone 18 Pro और Pro Max को लेकर क्या है नया अपडेट।
Apple के फोल्डेबल iPhone का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने अपने सालाना लॉन्च इवेंट की तारीख का ऐलान कर दिया है। Apple 9 सितंबर 2026 को कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो स्थित Steve Jobs Theater में बड़ा लॉन्च इवेंट आयोजित करने जा रहा है। इस इवेंट को लेकर इसलिए भी काफी चर्चा है, क्योंकि इसी दौरान कंपनी के पहले फोल्डेबल iPhone को पेश किए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।
Apple ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि 9 सितंबर के इवेंट में कौन-कौन से डिवाइस लॉन्च किए जाएंगे। दुनियाभर में भेजे गए इनविटेशन में “Surprise and shine” टैगलाइन दी गई है। वहीं Apple की चीनी वेबसाइट पर जारी किए गए इनविटेशन में “A new chapter unfolds, dazzling and brilliant” संदेश दिखाई दिया। खासतौर पर ‘unfolds’ शब्द ने फोल्डेबल iPhone की चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।
John Ternus के नेतृत्व में पहला बड़ा iPhone लॉन्च
यह इवेंट Apple के लिए नेतृत्व के लिहाज से भी काफी खास होगा। John Ternus 1 सितंबर को Apple के CEO का पद संभालेंगे और Tim Cook की जगह लेंगे। इसके बाद Tim Cook Executive Chairman की भूमिका में रहेंगे। ऐसे में 9 सितंबर का इवेंट Ternus के नेतृत्व में कंपनी का पहला बड़ा iPhone लॉन्च होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple का पहला फोल्डेबल iPhone iPhone Ultra नाम से बाजार में आ सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस नाम या फोल्डेबल मॉडल को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
iPhone 18 Pro और Pro Max भी हो सकते हैं लॉन्च
सितंबर के इवेंट में Apple के iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पेश किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स में इन दोनों मॉडल्स में कई अपग्रेड मिलने की बात कही जा रही है। वहीं स्टैंडर्ड iPhone 18 को इस इवेंट में लॉन्च नहीं किए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि iPhone 18, iPhone 18e और iPhone Air 2 को 2027 की पहली छमाही में पेश किया जा सकता है। हालांकि, इनकी लॉन्च टाइमलाइन को लेकर भी Apple की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
फोल्डेबल iPhone पर टिकी निगाहें
Apple के फोल्डेबल iPhone को लेकर लंबे समय से अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आती रही हैं। अब लॉन्च इवेंट की तारीख और ‘unfolds’ वाली टैगलाइन के बाद टेक जगत की नजरें 9 सितंबर के इवेंट पर टिक गई हैं। अगर Apple इस इवेंट में फोल्डेबल iPhone पेश करता है, तो यह कंपनी के iPhone लाइनअप में लंबे समय बाद होने वाले सबसे बड़े डिजाइन बदलावों में से एक हो सकता है।

