प्रतापनगर थाने का ASI 10 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप, वर्दी की जेब से बरामद हुई रकम
जयपुर के प्रतापनगर थाने में तैनात ASI सुखदेव जाट को ACB ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप किया। रकम आरोपी की खाकी वर्दी की जेब से बरामद हुई।
जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतापनगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुखदेव जाट को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप किया है। एसीबी टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
केस में मदद के बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी के मुताबिक, परिवादिया ने 11 अगस्त 2026 को एसीबी चौकी एसयू प्रथम जयपुर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रतापनगर थाने में दर्ज एक मामले के अनुसंधान अधिकारी एएसआई सुखदेव जाट प्रभावी पैरवी करने, मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
खाकी वर्दी की पैंट की जेब में रखी रकम
एसीबी ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में कार्रवाई की। ट्रैप टीम का नेतृत्व उप अधीक्षक पुलिस अर्चना मीणा ने किया।
एसीबी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एएसआई ने परिवादिया से 10 हजार रुपए लिए और रकम अपनी पहनी हुई खाकी वर्दी की पैंट की जेब में रख ली। इसी दौरान एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।
एएसआई से पूछताछ, आगे की जांच जारी
एसीबी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आरोपी के पास परिवादिया से संबंधित काम लंबित पाया गया है। अब आरोपी सुखदेव जाट से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
यह कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में जारी है।
रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत
एसीबी ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत के लिए एसीबी के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

