Celebrity Brand Value Report 2025: शाहरुख खान बने भारत के सबसे महंगे स्टार, रणवीर सिंह ने विराट कोहली को छोड़ा पीछे
Celebrity Brand Value Report 2025: क्रोल की नई रिपोर्ट में शाहरुख खान भारत के सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटी ब्रांड बने हैं। रणवीर सिंह ने विराट कोहली को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल किया।
Celebrity Brand Value Report 2025: भारत के सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटी ब्रांड्स की नई रैंकिंग जारी हो गई है। 'क्रोल सेलिब्रिटी ब्रांड वैल्यू रिपोर्ट 2025' के अनुसार, बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान देश के सबसे महंगे सेलिब्रिटी ब्रांड बन गए हैं। वहीं, अभिनेता रणवीर सिंह ने पहली बार क्रिकेटर विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है।
शाहरुख खान पहुंचे नंबर-1 पर
रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान ने इस साल दो पायदान की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया है। वर्ष 2024 में वह तीसरे स्थान पर थे। उनकी ब्रांड वैल्यू बढ़ने की बड़ी वजह हाल के वर्षों में फिल्मों की सफलता और विज्ञापन बाजार में बढ़ती मांग मानी जा रही है। साथ ही उनके ब्रांड एंडोर्समेंट्स की संख्या भी पहले की तुलना में बढ़ी है।
शाहरुख इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'किंग' को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसके इसी साल दिसंबर में रिलीज होने की उम्मीद है।
रणवीर सिंह ने विराट को पीछे छोड़ा
इस साल की रैंकिंग में सबसे बड़ा बदलाव दूसरे स्थान पर देखने को मिला। रणवीर सिंह की ब्रांड वैल्यू 162.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई है, जबकि विराट कोहली की ब्रांड वैल्यू 158.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर रही। इसके साथ ही रणवीर दूसरे और विराट तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह की हालिया फिल्मों की सफलता और नए ब्रांड एंडोर्समेंट्स ने उनकी बाजार में मजबूत पहचान बनाई है।
टॉप-25 सेलिब्रिटी ब्रांड्स की वैल्यू
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के शीर्ष 25 सेलिब्रिटी ब्रांड्स की कुल संयुक्त ब्रांड वैल्यू 2 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है। इस सूची में 13 पुरुष और 12 महिला सेलिब्रिटी शामिल हैं। ब्रांड वैल्यू का आकलन उनके विज्ञापन अनुबंध, लोकप्रियता और सोशल मीडिया प्रभाव के आधार पर किया गया है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ी हिस्सेदारी
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत का सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट बाजार तेजी से डिजिटल-फर्स्ट मॉडल की ओर बढ़ रहा है। पहले जहां ब्रांड एंडोर्समेंट्स में डिजिटल प्लेटफॉर्म की हिस्सेदारी 40 से 60 प्रतिशत के बीच थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 60 से 75 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इससे स्पष्ट है कि अब ब्रांड्स सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर अधिक फोकस कर रहे हैं

