5 करोड़ में दर्शन के दावे पर विराट कोहली के प्रवक्ता का जवाब, कहा- आस्था के कारण जाते हैं

विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज से 5 करोड़ रुपये लेकर दर्शन करने के दावे पर क्रिकेटर के प्रवक्ता ने सफाई दी है। उन्होंने दावे को गलत और निराधार बताया।

5 करोड़ में दर्शन के दावे पर विराट कोहली के प्रवक्ता का जवाब, कहा- आस्था के कारण जाते हैं

संत प्रेमानंद महाराज से विराट कोहली के मिलने को लेकर किए गए एक दावे पर अब क्रिकेटर के प्रवक्ता की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने दावा किया था कि विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के दरबार में 5 करोड़ रुपये देकर बुलाया गया था। अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है।

विराट कोहली के प्रवक्ता ने क्या कहा?

विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली को लेकर किए गए दावे तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। प्रवक्ता ने इन बातों को पूरी तरह असत्य बताते हुए कहा कि विराट कोहली संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण करते हैं।

बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि विराट कोहली का संत प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक जुड़ाव उनका व्यक्तिगत विषय है और इसे किसी आर्थिक लेन-देन से जोड़ना सही नहीं है।

मीडिया से तथ्यों की पुष्टि की अपील

विराट कोहली के प्रवक्ता ने मीडिया से अपील की है कि इस तरह के दावों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उनकी पूरी तरह पुष्टि की जाए। बयान में कहा गया कि बिना सत्यापन के किसी भी जानकारी को आगे बढ़ाने से बचना चाहिए।

प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के दावों को खारिज करते हुए इन्हें निराधार बताया और मीडिया से जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग करने की अपील की।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने संत से बेलवन आश्रम छोड़कर गोवर्धन आने का आग्रह भी किया था।

इसी दौरान उन्होंने विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज से मिलने को लेकर 5 करोड़ रुपये में दर्शन कराने का दावा किया था। अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे का आधिकारिक तौर पर खंडन कर दिया है।

विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा पहले भी संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। इन मुलाकातों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, इन मुलाकातों के पीछे वजह आस्था और श्रद्धा है।