जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए राहुल-प्रियंका, विपक्षी सांसद करेंगे प्रदर्शन
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस सांसद बस से रवाना हुए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के कई सांसद बस से जंतर-मंतर के लिए रवाना हो गए हैं। विपक्षी दल चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने की तैयारी में हैं।
जनपथ में हुआ विपक्षी सांसदों का लंच
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के लिए दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया। विपक्षी सांसदों ने यहां करीब डेढ़ घंटे तक बैठक की।
बताया जा रहा है कि बैठक में आगे के विरोध प्रदर्शन और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर रणनीति को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए।

एक दिन पहले EC दफ्तर की ओर निकला था मार्च
इससे एक दिन पहले INDIA ब्लॉक के 200 से ज्यादा सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च निकाला था। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया था।
मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों नेताओं ने वहां करीब 8 घंटे तक प्रदर्शन किया।
राहुल-प्रियंका के खिलाफ FIR
आकाशवाणी परिसर में प्रवेश को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कुछ अन्य नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान बिना अनुमति परिसर में प्रवेश किया गया।
विपक्षी सांसद अब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराएंगे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस की ओर से भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

