कपास फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों का नुकसान, डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल; एक साल में तीसरी बार हादसा
राजस्थान के फलोदी जिले के देचू में कपास फैक्ट्री में भीषण आग से लाखों का नुकसान हुआ। दमकल की गाड़ियां डेढ़ घंटे बाद पहुंचीं।
राजस्थान के फलोदी जिले के देचू में रविवार अलसुबह एक कपास फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा पूरा कपास जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद फलोदी और पोकरण से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों की करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, देचू उपखंड मुख्यालय के लालसिंह नगर ग्राम पंचायत क्षेत्र में आसरलाई रोड स्थित कपास फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब चार बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री में रखा पूरा कपास इसकी चपेट में आ गया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद प्रशासन को घटना की सूचना दी गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सूचना मिलने पर देचू पुलिस और पटवारी सुरेश कुमार भील घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने डिस्कॉम को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। पटवारी के अनुसार, फैक्ट्री सुनीता पत्नी राजेंद्र माहेश्वरी निवासी थोरियों का बास, सालवाकलां (जोधपुर) की है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
डेढ़ घंटे बाद पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
देचू तहसील क्षेत्र में इस समय कपास का बंपर उत्पादन हुआ है। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कपास रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रशासन की सूचना पर फलोदी और पोकरण नगर पालिका से दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। ये गाड़ियां सुबह करीब साढ़े पांच बजे घटनास्थल पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से लगभग एक घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, तब तक फैक्ट्री में रखा पूरा कपास जल चुका था।
करोड़ों का कारोबार, लेकिन अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नहीं
देचू उपखंड मुख्यालय के पांच किलोमीटर के दायरे में तीन बड़ी कपास फैक्ट्रियां संचालित हैं। इनमें मेगा हाईवे स्थित गुमानपुरा, जोधपुर रोड और आसरलाई रोड की फैक्ट्रियां शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपए का कारोबार करने वाली इन फैक्ट्रियों में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी और जरूरी अग्निशमन उपकरण तक उपलब्ध नहीं हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, आग लगने की स्थिति में आसपास के लोग निजी पानी के टैंकर लेकर मदद के लिए पहुंचते हैं, लेकिन भीषण आग के सामने उनके प्रयास पर्याप्त साबित नहीं होते। क्षेत्र में दमकल की स्थायी सुविधा नहीं होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एक साल में तीसरी बार फैक्ट्री में आग
बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में एक साल के भीतर आग लगने की यह तीसरी घटना है। देचू और आसपास के इलाकों में पहले भी कई बड़े अग्निकांड हो चुके हैं। करीब तीन साल पहले बावकान में एक ट्रेलर में आग लगने से चालक की मौत हो गई थी। वहीं, पिछले महीने देचू में तीन दुकानों में आग लगने से करोड़ों रुपए के नुकसान की खबर सामने आई थी। उस घटना में भी फलोदी और पोकरण से दमकल पहुंचने तक काफी नुकसान हो चुका था।
दमकल सुविधा की मांग के बावजूद नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले पंचायतीराज चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जोधपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने देचू में दमकल गाड़ी उपलब्ध करवाने की मांग रखी थी। इस पर आश्वासन भी मिला था, लेकिन अब तक क्षेत्र में दमकल की सुविधा शुरू नहीं हो सकी।
लगातार आगजनी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों और व्यापारियों ने पिछले महीने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। रविवार को एक बार फिर कपास फैक्ट्री में लगी आग ने देचू क्षेत्र में दमकल व्यवस्था की कमी और औद्योगिक इकाइयों की अग्नि सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

