राजस्थान में कांग्रेस ने बनाई चुनावी रणनीति, दिग्गज नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने चुनावी रणनीति तैयार की। गोविंद सिंह डोटासरा, अशोक गहलोत और सचिन पायलट समेत वरिष्ठ नेता प्रचार अभियान में जुटेंगे।
राजस्थान में आगामी पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वॉर रूम में कांग्रेस की कैंपेन कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने की।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कैंपेन कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
पंचायत चुनाव के लिए तैयार होगी व्यापक प्रचार रणनीति
बैठक में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी ने तय किया है कि प्रदेश के वरिष्ठ नेता अपने प्रभार वाले जिलों के अलावा उन क्षेत्रों में भी प्रचार करेंगे, जहां जिला कांग्रेस कमेटियां उन्हें प्रचार के लिए बुलाएंगी।
इन नेताओं की ओर से जनसभाओं के साथ-साथ अन्य चुनावी कार्यक्रमों में भी भाग लिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जिला कांग्रेस कमेटियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद प्रचार कार्यक्रम तैयार करेगी।

पारदर्शी तरीके से होगा प्रत्याशियों का चयन
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला प्रभारी, सहप्रभारी और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला स्तर पर प्रत्याशी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटियों की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी में विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पंचायत राज संस्थाओं के पूर्व जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों और विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल किया जाए।
डोटासरा ने सभी पंचायत समितियों और जिला परिषदों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।
भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। डोटासरा ने आरोप लगाया कि निकाय चुनावों के दौरान भाजपा ने लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया तथा कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित नेताओं एवं पार्षदों के साथ दुर्व्यवहार किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पंचायत चुनाव में इसका मजबूती से मुकाबला करेंगे।

ग्रामीण विकास के मुद्दों को जनता तक ले जाएगी कांग्रेस
कांग्रेस ने पंचायत चुनाव के प्रचार में ग्रामीण विकास, महिलाओं, युवाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने का फैसला किया है।
डोटासरा ने कहा कि पार्टी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएगी। साथ ही राहुल गांधी की ओर से लोकतंत्र और मताधिकार को लेकर उठाए जा रहे मुद्दों को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।
कांग्रेस का लक्ष्य पंचायत समितियों और जिला परिषदों में पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाना है। पार्टी ने इसके लिए प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है।

