रेलवे में 4,471 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती, 10वीं-ITI पास युवाओं के लिए मौका; बिना परीक्षा मेरिट से होगा चयन
दक्षिण रेलवे में 4,471 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। 10वीं और ITI पास उम्मीदवार 27 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। बिना परीक्षा मेरिट से चयन होगा।
रेलवे में अप्रेंटिसशिप करने का इंतजार कर रहे 10वीं और ITI पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती सेल (RRC), दक्षिण रेलवे ने अप्रेंटिस के 4,471 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती में फ्रेशर और एक्स-ITI दोनों कैटेगरी के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 27 सितंबर 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
दक्षिण रेलवे में 4,471 पदों पर भर्ती
दक्षिण रेलवे की ओर से जारी भर्ती के अनुसार कुल 4,471 अप्रेंटिस पदों को भरा जाएगा। इनमें 177 पद फ्रेशर कैटेगरी और 4,308 पद एक्स-ITI कैटेगरी के लिए हैं। भर्ती में फिटर, पेंटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, प्लंबर, मोटर मैकेनिक, टर्नर, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, COPA-PASSA समेत कई ट्रेड शामिल हैं।
फ्रेशर कैटेगरी के कुछ ट्रेड में 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं मेडिकल लैब टेक्नीशियन पदों के लिए 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषय होना जरूरी है।
क्या होनी चाहिए योग्यता?
10वीं आधारित ट्रेड के लिए उम्मीदवार का 10+2 सिस्टम के तहत कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। एक्स-ITI कैटेगरी के उम्मीदवारों के पास 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक और संबंधित ट्रेड में मान्यता प्राप्त ITI का प्रमाणपत्र होना चाहिए।
SC, ST और PwBD उम्मीदवारों को 10वीं में 50 प्रतिशत अंकों की शर्त से छूट दी गई है।
उम्र कितनी होनी चाहिए?
उम्मीदवार की आयु 28 अगस्त 2026 के आधार पर मानी जाएगी। न्यूनतम उम्र 15 वर्ष है। फ्रेशर उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 22 वर्ष, जबकि कुछ एक्स-ITI और MLT कैटेगरी में अधिकतम आयु 24 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
बिना परीक्षा मेरिट से होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों के चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। फ्रेशर उम्मीदवारों की मेरिट 10वीं के अंकों के आधार पर बनेगी, जबकि एक्स-ITI उम्मीदवारों के लिए 10वीं और ITI के अंकों को समान वेटेज दिया जाएगा। इसके बाद शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन होगा।
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
ट्रेनिंग के दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने स्टाइपेंड दिया जाएगा। 10वीं पास फ्रेशर उम्मीदवारों को 8,200 रुपये प्रतिमाह, जबकि 12वीं पास फ्रेशर और एक्स-ITI उम्मीदवारों को 9,600 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
आवेदन फीस और अंतिम तारीख
जनरल, EWS और OBC उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है। वहीं SC, ST, PwBD और सभी महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार 27 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

