Ajmer News: विधायक अनिता भदेल ने डाला पहला वोट, कांग्रेस प्रत्याशी द्रोपदी कोली को बिना आईडी लौटना पड़ा
अजमेर नगर निकाय चुनाव में मालियान स्कूल मतदान केंद्र पर विधायक अनिता भदेल ने पहला वोट डाला। वहीं कांग्रेस नेता द्रोपदी कोली को आईडी नहीं होने के कारण पहले मतदान केंद्र से बाहर आना पड़ा, बाद में फोन में आईडी दिखाने पर वोट डालने की अनुमति मिली।
अजमेर में नगर निकाय चुनाव के तहत मतदान शुरू होते ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मालियान स्कूल मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने पहला वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
वहीं, निगम में नेता प्रतिपक्ष रह चुकीं और कांग्रेस की विधानसभा प्रत्याशी रहीं द्रोपदी कोली भी मतदान करने पहुंचीं। हालांकि, मतदान केंद्र पर पहुंचने के दौरान उनके पास आईडी नहीं थी, जिसके चलते उन्हें मतदान केंद्र से बाहर आना पड़ा।
इसके बाद द्रोपदी कोली ने अपने फोन में आईडी दिखाई, जिसके बाद उन्हें मतदान करने की अनुमति मिली। इसके बाद उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

