राजस्थान आ रही लग्जरी बस की ट्रक से टक्कर, कई यात्रियों की मौत; कई घायल
गुजरात के अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर सूरत से राजस्थान जा रही लग्जरी बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कई यात्रियों की मौत और कई के घायल होने की खबर है।
गुजरात के अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सूरत से राजस्थान की ओर जा रही एक निजी लग्जरी बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा आणंद और नडियाद के बीच हुआ। दुर्घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे और अधिकांश नींद में बताए जा रहे हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
ओवरटेकिंग लेन में हुई बस-ट्रक की भिड़ंत
बताया जा रहा है कि दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 4 बजे अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर हुई। सूरत से राजस्थान जा रही 'साईं दर्शन ट्रेवल्स' की लग्जरी बस ओवरटेकिंग लेन में थी। इसी दौरान बस आगे चल रहे या खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
पुलिस और प्रशासन की टीम ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों का नडियाद सिविल अस्पताल और आसपास के चिकित्सा केंद्रों में उपचार चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ते को दोबारा सुचारू कराया।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ अस्पतालों में भी जांच शुरू कर दी है। बस में सवार यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है और मृतकों एवं घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के वक्त ट्रक किस स्थिति में था और बस की ट्रक से टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

