पत्नी के घर छोड़ने से नाराज बेटे ने मां की हत्या, लकड़ी से सिर पर किया वार
डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र में बेटे पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगा है। पत्नी के घर छोड़ने के बाद आरोपी माता-पिता से अक्सर विवाद करता था। घटना के बाद आरोपी फरार है।
डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में एक बेटे पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी के करीब चार साल पहले घर छोड़कर चले जाने से नाराज था और इसी बात को लेकर वह अक्सर अपने माता-पिता से विवाद करता था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
चाय के बर्तन फेंकने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, यह घटना भोजाता का ओड़ा गांव की है। मंगलवार को आरोपी पवन अपने घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अपनी मां सुखी से विवाद करने लगा। विवाद के दौरान उसने चाय के बर्तन भी फेंक दिए। मां ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान पवन ने लकड़ी से अपनी मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद के अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पत्नी के जाने के बाद माता-पिता से करता था विवाद
पुलिस ने बताया कि मृतका सुखी के बड़े बेटे पवन की पत्नी करीब चार साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से पवन अपने माता-पिता से अक्सर विवाद करता था। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे इसी पारिवारिक विवाद को एक प्रमुख कारण मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

