NEET विवाद पर जंतर-मंतर में CJP का शक्ति प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान को 5 दिन का अल्टीमेटम
NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में Abhijit Dipke ने Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग दोहराई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 13 जून को फिर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में Sonam Wangchuk भी शामिल रहे।
NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी संस्थापक Abhijit Dipke ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग दोहराई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री को अगले पांच दिनों के भीतर इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो 13 जून को जंतर-मंतर पर दोबारा बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा और आंदोलन को देशव्यापी रूप दिया जाएगा।
शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। इस दौरान उनके हाथ में B. R. Ambedkar से जुड़ी पुस्तक और भारतीय संविधान की प्रति भी दिखाई दी। प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता Sonam Wangchuk और CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका भी शामिल हुए।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और दिल्ली की सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर लगाया गया था।
हालांकि प्रदर्शन की अनुमति शाम 5 बजे तक थी, लेकिन अभिजीत दीपके और अन्य प्रमुख नेता दोपहर करीब 3 बजे ही धरनास्थल से रवाना हो गए, जिसके बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया।
Saloni Kushwaha 
