सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर सियासत तेज, राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

सोनम वांगचुक को तबीयत बिगड़ने पर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। जानें पुलिस का क्या है पक्ष और पूरा मामला।

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर सियासत तेज, राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
Rahul Gandhi

दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्ष ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार की कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि अहिंसक तरीके से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाया जाना गलत है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रों की आत्महत्या जैसे मुद्दे देश के भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल हैं, लेकिन सरकार इन पर जवाब देने के बजाय आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई कर रही है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि भारत के छात्रों और उनके हित में खड़े लोगों को इन मुद्दों को उठाने से कोई भी ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने मोदी सरकार पर असत्य और हिंसा की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

इधर, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने का फैसला उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति, मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप लिया गया। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से जारी भूख हड़ताल और शरीर में पानी की कमी के कारण उनकी तबीयत काफी कमजोर हो गई थी।

सोनम वांगचुक के सफदरजंग अस्पताल पहुंचने के बाद अस्पताल परिसर और आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।