Sonam Wangchuk Health Update: पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल से दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की, मेडिकल रिपोर्ट नहीं देने का लगाया आरोप

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि डी. अंगमो ने सफदरजंग अस्पताल से दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की। मेडिकल रिपोर्ट नहीं देने और इलाज में पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए।

Sonam Wangchuk Health Update: पत्नी ने सफदरजंग अस्पताल से दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की, मेडिकल रिपोर्ट नहीं देने का लगाया आरोप

Sonam Wangchuk Health Update: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि डी. अंगमो ने सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को पत्र लिखकर उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल जांच रिपोर्ट की कॉपी देने से इनकार कर दिया और वांगचुक की नियमित निगरानी कर रहे डॉक्टरों को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई।

पोटेशियम लेवल में गिरावट पर जताई चिंता

गीतांजलि डी. अंगमो ने अपने पत्र में कहा कि शनिवार सुबह अस्पताल की मेडिकल टीम ने जानकारी दी कि सोनम वांगचुक का पोटेशियम स्तर घटकर 2.9 रह गया है, जबकि 17 जुलाई की शाम हुई जांच में यह 4.3 था। उन्होंने इस अचानक आई गिरावट पर भी सवाल उठाते हुए चिंता जताई है।

मेडिकल रिपोर्ट नहीं देने का आरोप

पत्र में आरोप लगाया गया है कि परिवार ने अस्पताल प्रशासन से सोनम वांगचुक की मेडिकल जांच रिपोर्ट की डिजिटल और हार्ड कॉपी मांगी थी, लेकिन उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई।

इसके अलावा, पिछले 20 दिनों से उनकी सेहत की निगरानी कर रहे निजी और नियमित डॉक्टरों को भी अस्पताल में उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई। परिवार का कहना है कि इससे इलाज को लेकर पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दूसरे अस्पताल में ले जाने की तैयारी

गीतांजलि डी. अंगमो ने कहा कि मेडिकल जानकारी साझा नहीं किए जाने और पारदर्शिता की कमी के कारण परिवार का अस्पताल पर भरोसा कम हुआ है। ऐसे में बेहतर इलाज और विस्तृत मेडिकल जांच के लिए सोनम वांगचुक को दूसरे मेडिकल सेंटर में भर्ती कराने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द डिस्चार्ज और स्थानांतरण की सभी औपचारिकताएं पूरी करने का अनुरोध किया है।

बिगड़ती तबीयत के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती

सोनम वांगचुक को लंबे समय तक चली भूख हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने पर शनिवार को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था।

अस्पताल और जंतर-मंतर के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा

वांगचुक को अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद जंतर-मंतर, सफदरजंग अस्पताल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है