20 हजार की हेयर कटिंग, 72 घंटे की मेहनत… पुष्कर मेले में शाही अंदाज से छाया सीकर का ऊंट ‘बादल’

पुष्कर मेला 2026 में सीकर का ऊंट बादल आकर्षण का केंद्र बना है। जानिए 20 हजार की हेयर कटिंग, 72 घंटे की उस्ता कला और उसके शानदार डांस की कहानी।

20 हजार की हेयर कटिंग, 72 घंटे की मेहनत… पुष्कर मेले में शाही अंदाज से छाया सीकर का ऊंट ‘बादल’

राजस्थान का विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला अपने अंतिम पड़ाव पर है। कार्तिक पूर्णिमा के आखिरी महास्नान के साथ मंगलवार को मेले का समापन हो रहा है। इस बीच पशु मेले में सीकर का एक खास ऊंट पर्यटकों और पशुपालकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस ऊंट का नाम 'बादल' है, जिसके शाही श्रृंगार और शानदार डांस की हर तरफ चर्चा हो रही है। बादल की खासियत यह है कि उसकी हेयर कटिंग और शेविंग पर करीब 20 हजार रुपए खर्च होते हैं और इसे तैयार करने में पूरे 72 घंटे लग जाते हैं।

राजस्थानी कलाकारी से सजाया जाता है ऊंट बादल

पुष्कर मेले में बादल का अंदाज दूसरे ऊंटों से बिल्कुल अलग नजर आता है। उसके शरीर पर राजस्थानी उस्ता कला के जरिए खूबसूरत आकृतियां बनाई जाती हैं। इनमें राजस्थानी बूटे, पत्तियां, मोर, हंस, पगड़ी पहने पुरुष और सिर पर मटकी लिए महिला की आकृतियां शामिल हैं।

इस खास श्रृंगार के लिए हरियाणा से कारीगर बुलाया जाता है। मेले से करीब एक सप्ताह पहले बादल की कटिंग और शेविंग का काम शुरू होता है। एक बार की उस्ता कला शेविंग में लगभग 72 घंटे का समय लगता है और इस पर करीब 20 हजार रुपए खर्च होते हैं। मेले के दौरान भी उसके श्रृंगार को बरकरार रखने के लिए नियमित टचअप कराया जाता है।

साढ़े आठ हजार रुपए क्विंटल की ग्वार खाता है बादल

ऊंटपालक विकास पचार अपने ऊंट बादल की देखभाल किसी परिवार के सदस्य की तरह करते हैं। उसकी खुराक पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। विकास पचार के मुताबिक बादल को करीब साढ़े आठ हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर वाली ग्वार खिलाई जाती है। इसके अलावा उसके खाने में तिल्ली, सरसों का तेल और घी भी मिलाया जाता है, ताकि उसकी त्वचा और बाल चमकदार बने रहें।

बादल की देखभाल और उसके शाही रखरखाव पर हर महीने हजारों रुपए खर्च किए जाते हैं। यही वजह है कि वह पशु मेलों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

मारवाड़ी गानों पर डांस करता है बादल

बादल केवल अपने श्रृंगार के लिए ही नहीं, बल्कि अपने डांस के लिए भी मशहूर है। विकास पचार के अनुसार ऊंटों को करीब दो साल की उम्र से नृत्य की ट्रेनिंग दी जाती है। ट्रेनिंग का शुरुआती दौर काफी चुनौतीपूर्ण होता है। कई बार ऊंट लात मारते हैं और गर्दन से झटका देते हैं, जिससे ट्रेनर और ऊंट दोनों को चोट लगने का खतरा रहता है।

बादल चौटाला, भंगड़ा और तीतरी जैसी खास मुद्राएं दिखाता है। उसे 'तेजल सुपर डूपर' और 'म्हारो तेजाजी रखवालो' जैसे मारवाड़ी गीत पसंद हैं। जैसलमेर, बीकानेर और नागौर की प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करने के बाद अब पुष्कर मेले की नृत्य प्रतियोगिताओं में भी वह अपनी पहचान बनाए हुए है।

कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान के साथ पुष्कर मेले का समापन

इधर तीर्थनगरी पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को आखिरी पंचतीर्थ महास्नान हो रहा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही पुष्कर सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार करीब दो लाख श्रद्धालु पुष्कर पहुंच चुके हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में करीब 2500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सरोवर के घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के 50 जवानों के साथ सिविल डिफेंस के 90 स्वयंसेवक भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

पानी की गहराई बताने के लिए 52 घाटों पर 101 लाल झंडियां लगाई गई हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए राजस्थान रोडवेज की ओर से 100 बसों का संचालन किया जा रहा है। आखिरी महास्नान के साथ ही धार्मिक पुष्कर मेले का आधिकारिक समापन हो जाएगा।