पुष्कर मेले में जाने का बना रहे हैं प्लान? 24 नवंबर तक होंगे ये खास आयोजन, जानें पूरा कार्यक्रम और रास्ता

पुष्कर मेला 2026 का आयोजन 17 से 24 नवंबर तक होगा। जानें मेले का पूरा कार्यक्रम, अजमेर से पुष्कर पहुंचने का रास्ता, सड़क दूरी और अतिरिक्त रोडवेज बसों की जानकारी।

पुष्कर मेले में जाने का बना रहे हैं प्लान? 24 नवंबर तक होंगे ये खास आयोजन, जानें पूरा कार्यक्रम और रास्ता

राजस्थान का विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु एवं धार्मिक मेला 2026 शुरू हो चुका है। अजमेर जिले के तीर्थराज पुष्कर में 17 से 24 नवंबर तक आठ दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पुष्कर पहुंच रहे हैं।

मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ ऊंट और घोड़ा प्रतियोगिताएं, ग्रामीण खेल, लोक संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड एवं क्राफ्ट फेस्टिवल और बॉलीवुड नाइट जैसे आकर्षण शामिल हैं। अगर आप भी पुष्कर मेले में जाने की योजना बना रहे हैं, तो यहां जानिए पहुंचने का रास्ता और आठ दिनों का पूरा कार्यक्रम।

पुष्कर मेला 2026: कब से कब तक चलेगा?

पुष्कर मेला 17 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान पुष्कर सरोवर के घाटों पर महाआरती और धार्मिक आयोजन होंगे। वहीं मेला मैदान में खेल, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

पुष्कर मेला कैसे पहुंचें?

पुष्कर राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित है। अजमेर शहर से पुष्कर की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। यहां हवाई, रेल और सड़क मार्ग से पहुंचा जा सकता है।

हवाई मार्ग से

पुष्कर के लिए किशनगढ़ हवाई अड्डा नजदीकी विकल्पों में शामिल है। इसके अलावा जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी देश के कई शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं। एयरपोर्ट से टैक्सी या बस के जरिए पुष्कर पहुंच सकते हैं।

ट्रेन से

पुष्कर पहुंचने के लिए अजमेर जंक्शन प्रमुख रेलवे स्टेशन है। देश के कई शहरों से अजमेर के लिए ट्रेनें मिलती हैं। स्टेशन से टैक्सी, ऑटो-रिक्शा या बस के जरिए करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय कर पुष्कर पहुंचा जा सकता है। मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए ट्रेन टिकट पहले से बुक कराना बेहतर रहेगा।

सड़क मार्ग से

पुष्कर अजमेर, जयपुर और राजस्थान के अन्य शहरों से सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है। यहां निजी कार, टैक्सी और बस से पहुंचा जा सकता है।

प्रमुख शहरों से पुष्कर की अनुमानित सड़क दूरी:

- दिल्ली से पुष्कर: 420 किलोमीटर

- जयपुर से पुष्कर: 145 किलोमीटर

- जोधपुर से पुष्कर: 188 किलोमीटर

- उदयपुर से पुष्कर: 285 किलोमीटर

- अजमेर से पुष्कर: 15 किलोमीटर

अजमेर से पुष्कर के लिए चलेंगी 50 अतिरिक्त बसें

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए राजस्थान रोडवेज ने अजमेर और पुष्कर के बीच अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। रोडवेज प्रबंधन ने 50 अतिरिक्त बसें चलाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा था। यात्री भार के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

एक बस दिन में अजमेर-पुष्कर के बीच 5 से 7 फेरे लगा सकती है। एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाएगी।

पुष्कर मेला 2026 का पूरा कार्यक्रम

17 नवंबर, मंगलवार

- सुबह 10 बजे: पूजा, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन – मेला मैदान।

- सुबह 10:30 बजे: मांडणा प्रतियोगिता और स्कूली छात्राओं का समूह नृत्य।

- सुबह 11 बजे: स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच 'चक दे राजस्थान' फुटबॉल मैच।

- शाम 6 बजे: पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान, रंगोली, महाआरती और अभिषेक।

- शाम 6:30 बजे: वॉइस ऑफ पुष्कर।

- शाम 7 बजे: राजस्थान और विभिन्न राज्यों के लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

18 नवंबर, बुधवार

- सुबह 10 से 11:30 बजे: लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा प्रतियोगिताएं।

- सुबह 11:30 बजे: ऊंट सजावट प्रतियोगिता।

- दोपहर 12 बजे: ऊंट नृत्य प्रतियोगिता।

- शाम 6:30 बजे: वॉइस ऑफ पुष्कर।

- शाम 7 बजे: लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

19 नवंबर, गुरुवार

- सुबह 10 बजे: स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच कबड्डी मैच।

- सुबह 11:30 बजे: घोड़ा नृत्य प्रतियोगिता।

- दोपहर 1 बजे: अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं – खो-खो, वॉलीबॉल और कबड्डी।

- शाम 7 बजे: लोक कृति उत्सव और राजस्थानी लोक प्रस्तुतियां।

20 नवंबर, शुक्रवार

- सुबह 9 बजे: गुरुद्वारा से मेला मैदान तक आध्यात्मिक पदयात्रा और शोभायात्रा।

- दोपहर 1 बजे: अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं।

- शाम 4 बजे: शिल्पग्राम में फूड एवं क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन।

- शाम 5 बजे: गिर प्रदर्शनी का उद्घाटन।

- शाम 5:30 बजे: विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन।

- शाम 6 बजे: पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती।

- शाम 7 बजे: मेला मैदान में कबीर कैफे की संगीत प्रस्तुति।

21 नवंबर, शनिवार

- सुबह 10:30 बजे: विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने और तिलक प्रतियोगिता।

- सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक: शिल्पग्राम में फूड एवं क्राफ्ट फेस्टिवल।

- सुबह 11 बजे: मूंछ प्रतियोगिता।

- दोपहर 12 बजे: अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल।

- शाम 6 बजे: पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती।

- शाम 7 बजे: पद्मश्री कलाकार अनवर खान, गुलाबो और अन्य लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां।

22 नवंबर, रविवार

- सुबह 10:30 बजे: महिलाओं की मटका दौड़ प्रतियोगिता।

- सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक: फूड एवं क्राफ्ट फेस्टिवल।

- सुबह 11 बजे: महिलाओं की म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता।

- शाम 6 बजे: पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती।

- शाम 7 बजे: लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बॉलीवुड नाइट। इसमें गायक अमित मिश्रा प्रस्तुति देंगे।

23 नवंबर, सोमवार

- सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक: फूड एवं क्राफ्ट फेस्टिवल।

- सुबह 11 बजे: फिल्म 'लगान' की शैली में क्रिकेट मैच।

- शाम 6 बजे: पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती।

- शाम 7 बजे: लोक कलाकारों की प्रस्तुति और गायक स्वरूप खान का कार्यक्रम।

24 नवंबर, मंगलवार

- सुबह 10:30 बजे: समापन समारोह, मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण।

- समापन कार्यक्रम में समूह नृत्य, कला जत्था यात्रा, मटका दौड़ और रस्साकशी जैसी गतिविधियां होंगी।

- शाम 6 बजे: पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती।

पुष्कर मेले में इन आयोजनों का भी रहेगा आकर्षण

पुष्कर मेले में धार्मिक आयोजनों के अलावा राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों की झलक देखने को मिलेगी। ऊंट सजावट, ऊंट नृत्य, घोड़ा नृत्य और मूंछ प्रतियोगिता पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं फूड एवं क्राफ्ट फेस्टिवल में स्थानीय खानपान और हस्तशिल्प देखने का मौका मिलेगा।

बॉलीवुड नाइट में अमित मिश्रा और स्वरूप खान की प्रस्तुतियां भी मेले के खास आकर्षणों में शामिल हैं। ऐसे में 24 नवंबर तक चलने वाला यह मेला श्रद्धालुओं के साथ-साथ घूमने-फिरने और राजस्थान की संस्कृति को करीब से जानने के इच्छुक पर्यटकों के लिए भी खास रहेगा।