Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन इमारत का मालिक राजस्थान से गिरफ्तार, भिवाड़ी में पकड़ा गया
दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में फरार चल रहे मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि MCD के 5 कर्मचारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई है।
दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद से फरार चल रहे इमारत के मालिक हरिराम बंसल को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हरिराम बंसल को सोमवार दोपहर भिवाड़ी से पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
लुक-आउट नोटिस के बाद बनाई गई थीं 10 टीमें
सत्य निकेतन में रविवार दोपहर पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद हरिराम बंसल का कोई पता नहीं चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथवेस्ट) अमित गोयल ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की थी।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत
सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर इमारत गिरने से बड़ा हादसा हुआ था। अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि 'हॉस्टल डेज' नाम की यह पांच मंजिला इमारत लड़कों के पीजी के रूप में संचालित हो रही थी। हादसे के समय इमारत में कई छात्र मौजूद थे।
MCD के 5 कर्मचारियों पर भी कार्रवाई
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दिल्ली नगर निगम (MCD) के पांच कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है। इनमें डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार शामिल हैं।
दिल्ली सरकार ने इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। पुलिस अब बिल्डिंग गिरने की वजह और मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

