NEET PG 2026: जयपुर में बिजली कटौती से बार-बार बाधित हुई परीक्षा, हंगामे के बाद एग्जाम स्थगित; अब 5 सितंबर को होगी परीक्षा
जयपुर के सीतापुरा ION Digital Zone में बिजली कटौती और तकनीकी दिक्कतों के कारण NEET PG 2026 परीक्षा स्थगित कर दी गई। प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा 5 सितंबर को होगी।
राजस्थान के जयपुर स्थित आईओएन डिजिटल जोन, सीतापुरा केंद्र पर NEET PG 2026 की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड (NBEMS) ने बिजली कटौती के कारण परीक्षा में आई तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए यह फैसला लिया। अब इस केंद्र पर प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी।
2 घंटे में करीब 10 बार बाधित हुआ एग्जाम
परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के मुताबिक, एग्जाम सुबह 9 बजे शुरू हुआ था। परीक्षा शुरू होने के बाद करीब दो घंटे के दौरान लगभग 10 बार परीक्षा बाधित हुई। सिस्टम बार-बार बंद होने से छात्रों को काफी परेशानी हुई। कुछ कंप्यूटर दोबारा शुरू किए गए तो स्क्रीन पर सिर्फ 3-4 सवाल ही दिखाई दे रहे थे।
हंगामे के बाद परीक्षा हुई कैंसिल
परीक्षा में लगातार आ रही रुकावटों के बाद छात्रों ने सेंटर पर हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि सेंटर स्टाफ की ओर से उन्हें तकनीकी समस्या की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परीक्षार्थियों ने कई बार अधिकारियों को बुलाने की मांग भी की, लेकिन उनकी शिकायतों पर तत्काल सुनवाई नहीं हुई।
स्थिति बिगड़ने के बाद परीक्षा को स्थगित कर दिया गया। अब प्रभावित उम्मीदवारों को 5 सितंबर को फिर से परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

