मरू महोत्सव 2026: मधुमति बागची की सुरमयी प्रस्तुति और 200 ड्रोन की रोशनी से जगमगाया जैसलमेर का आसमान
जैसलमेर में मरू महोत्सव 2026 के तहत आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या में धुरंधर मूवी फेम गायिका मधुमति बागची की मधुर प्रस्तुति और 200 ड्रोन के भव्य शो ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत, रोशनी और देशभक्ति के संगम ने इस शाम को ऐतिहासिक बना दिया।
जैसलमेर में आयोजित मरू महोत्सव 2026 के तहत आज शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रेगिस्तान की सुनहरी रेत पर सजी इस शाम में संगीत, रोशनी और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही धुरंधर मूवी फेम प्रसिद्ध गायिका मधुमति बागची, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुति से पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।

उनके गीतों पर दर्शक देर तक झूमते रहे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा। मधुमति की प्रस्तुति ने महोत्सव में सचमुच चार चांद लगा दिए।

संगीत के बाद आसमान में दिखा एक अनोखा नजारा, जब 200 ड्रोन ने जैसलमेर के आसमान में अद्भुत आकृतियां उकेरीं। ड्रोन शो की शुरुआत माता की दिव्य छवि से हुई, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया। इसके बाद एक के बाद एक खूबसूरत आकृतियां बनती गईं और अंत में आसमान में भारत का तिरंगा लहराता नजर आया। इस दृश्य को देखकर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया और कई पर्यटकों ने इसे अपने कैमरों में कैद किया।

देश-विदेश से आए पर्यटकों ने इस भव्य आयोजन की जमकर सराहना की। उनका कहना था कि जैसलमेर का मरू महोत्सव न सिर्फ संस्कृति और परंपरा का परिचय देता है, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए इसे यादगार भी बना देता है।
मरू महोत्सव की यह शाम जैसलमेर के इतिहास में एक यादगार पल बन गई, जिसे उपस्थित लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
Hindu Solanki 
