दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा: ट्रक से टकराई कार, बिजनेसमैन परिवार के 6 घायल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तड़के बड़ा हादसा, पिकअप को बचाने के प्रयास में कार ट्रक से टकराई। जयपुर के बिजनेसमैन परिवार के 6 लोग घायल, अलवर अस्पताल में भर्ती।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा: ट्रक से टकराई कार, बिजनेसमैन परिवार के 6 घायल

दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के करीब साढ़े 4 बजे एक कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। जिससे कार में सवार बिजनेसमैन परिवार के 6 लोग घायल हो गए। सभी को अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिकअप को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ। बड़ौदामेव थाना प्रभारी मोहन गुर्जर ने बताया कि एक्सीडेंट तड़के साढ़े चार से 5 बजे के बीच में हुआ है। जयपुर के दादी का फाटक निवासी बिजनेसमैन पुनीत अग्रवाल (42) अपनी मां अल्का अग्रवाल (66), पत्नी बबीता अग्रवाल (38) और पुत्र सौम्य (9) और लक्ष्य (11) के साथ हरिद्वार घूमने गए थे। बिजनेसमैन परिवार मंगलवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे हरिद्वार से जयपुर लौट रहा था। एक्सप्रेस-वे पर अचानक एक पिकअप उनकी अर्टिगा कार के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हो सकता है पिकअप ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई हो।

कार आगे चल रहे ट्रक से टकराई

कार चला रहे जयपुर निवासी अमित चौधरी ने कार का संतुलन बनाने की कोशिश की, लेकिन कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लेकिन टक्कर के बार पिकअप व ट्रक वाले फरार हो गए।

पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचाया

बिजनेसमैन पुनीत अग्रवाल के बेटे लक्ष्य ने बताया कि उनके पापा सबसे ज्यादा चोटें आई हैं, वे काफी देर तक रोड पर तड़पते रहे। लेकिन पिकअप वाले मौके से भाग गए। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बाद में उनको अस्पताल पहुंचाया गया। राहगीरों ने घायलों की मदद की। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।