टीकाराम जूली का सरकार पर निशाना, गिरल में धरने पर मौत के बाद गरमाई राजनीति
गिरल माइंस धरने में एक मजदूर की मौत ने सियासी रंग ले लिया है. अब कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।
बाड़मेर की गिरल माइंस आंदोलन में एक मजदूर की मौत के बाद मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। बाड़मेर जिले में पिछले दो महीनों से गिरल माइंस के बाहर चल रहे आंदोलन ने अब प्रदेश की राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है। निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में जारी इस धरने को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।

"जनता की बात को सुनना सरकार की जिम्मेदारी"
टीकाराम जूली ने कहा कि जब किसी क्षेत्र का जनप्रतिनिधि और संवैधानिक पदाधिकारी लगातार जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहा हो, तो उसकी बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलनरत मजदूरों और स्थानीय लोगों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते हालात लगातार बिगड़ते गए।
"आंदोलन को नजरअंदाज क्यों किया"
जूली ने कहा कि गिरल माइंस के बाहर पिछले करीब दो महीने से मजदूर और स्थानीय लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। इस दौरान कई बार सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार इतनी लंबी अवधि तक आंदोलन को नजरअंदाज क्यों करती रही। मजदूर की मौत को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यदि समय रहते संवाद किया जाता और आंदोलनकारियों की बात सुनी जाती तो शायद ये स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद सबसे बड़ा माध्यम होता है, लेकिन सरकार ने संवाद के बजाय चुप्पी साधे रखी।
"जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं ?"
रविंद्र सिंह भाटी के धरने को लेकर भी प्रदेशभर में चर्चा तेज हो गई है। मजदूरों के मुद्दों को लेकर शुरू हुआ ये आंदोलन अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है, जबकि आंदोलनकारियों में भी प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। मजदूर की मौत के बाद धरना स्थल पर आक्रोश का माहौल देखने को मिला। आंदोलन से जुड़े लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण आंदोलन जारी रहेगा.
देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।
JP Sharma 
