कोटा के सिटी मॉल में भीषण आग, Burger King के ऊपर का हिस्सा जला

कोटा के सिटी मॉल में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, तीसरी मंजिल पर लगी आग। दमकल की टीम मौके पर, शॉर्ट सर्किट की आशंका।

कोटा के सिटी मॉल में भीषण आग, Burger King के ऊपर का हिस्सा जला

कोटा के झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 10:30 बजे मॉल के तीसरे माले के बाहरी हिस्से में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बर्गर किंग के ऊपर वाले हिस्से में लगी, जहां से धुएं और आग की लपटें तेजी से उठने लगीं। आग लगते ही मॉल में मौजूद लोग घबराकर बाहर की ओर भागे, जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस की विज्ञान नगर थाना टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। साथ ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं और मॉल परिसर को सुरक्षा के लिहाज से खाली करवा दिया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है।