सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना पड़ा भारी: 10 इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार, हाथ जोड़कर मांगी माफी
भीलवाड़ा में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना कुछ इन्फ्लुएंसर्स को भारी पड़ गया। पुलिस ने ऐसे 10 लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने बिना पुष्टि के वीडियो और रील्स बनाकर लोगों में घबराहट फैलाई। कार्रवाई के तहत आरोपियों से सार्वजनिक माफी मंगवाई गई और भ्रामक कंटेंट हटवाया गया। पुलिस ने साफ किया कि किसी तरह की कोई कमी नहीं है और अफवाह फैलाना कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है। भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
व्यूज़ और फॉलोअर्स के चक्कर में फैलाई गई अफवाह अब भारी पड़ गई… भीलवाड़ा में सोशल मीडिया पर गैस-पेट्रोल की किल्लत का डर फैलाने वाले इन्फ्लुएंसर्स को पुलिस ने सख्त सबक सिखाया है। भीलवाड़ा में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वाले 10 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पैनिक फैलाने और आमजन में डर का माहौल बनाने के आरोप में मंगलवार को सभी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, ये लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और रील्स बनाकर लोगों के बीच गलत जानकारी फैला रहे थे, जिससे अनावश्यक घबराहट का माहौल बन रहा था।
पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनसे सार्वजनिक तौर पर माफी भी मंगवाई और उसका वीडियो जारी किया। वीडियो में सभी आरोपी हाथ जोड़कर कहते नजर आए—“हमने दूसरों के वीडियो देखकर बिना पुष्टि के रील बना दी। देश में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। हम अपनी गलती के लिए माफी मांगते हैं और आप सभी से अपील करते हैं कि ऐसी भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें।
पुलिस ने आगे बताया कि इस तरह की अफवाहें न केवल लोगों को भ्रमित करती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी खतरा बन सकती हैं। इसी को देखते हुए आरोपियों से सभी भ्रामक वीडियो डिलीट करवाए गए हैं और भविष्य में ऐसी हरकत दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Hindu Solanki 
