लॉरेंस गैंग का खास गुर्गा गिरफ्तार, गैंगस्टर्स को भेजता था पल-पल की अपडेट
सीकर पुलिस और AGTF को सफलता मिली है, पुलिस ने लॉरेंस गैंग के खास गुर्गे को गिरफ्तार किया है।
शेखावाटी के व्यापारियों और राजनेताओं की जानकारी लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग तक पहुंचाने वाले एक गुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. खाटूश्याम जी और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे स्थानीय गुर्गे को दबोचा है, जो बाहर बैठे गैंगस्टर्स को स्थानीय कारोबारियों के व्यापार और उनकी पल-पल की लोकेशन की जानकारी भेजता था.

कांग्रेस नेता को मिली थी धमकी, मांगी 2 करोड़ की फिरौती
पूरा मामला खाटूश्यामजी सहकारी समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता श्याम सुंदर पूनिया (Shyam Sundar Poonia) से जुड़ा है. पूनिया को बीते 26 सितंबर 2025 को लॉरेंस गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर के नाम से एक वॉट्सऐप कॉल और मैसेज आया था, जिसमें उनसे 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. रकम न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी. इसके बाद 14 अक्टूबर को दोबारा धमकी भरा मैसेज आया. पुलिस इस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही थी, क्योंकि बिना किसी स्थानीय मुखबिर के लॉरेंस या गोदारा गैंग के पास इतनी सटीक जानकारियां पहुंचना मुमकिन नहीं था.
लामिया गांव का 'बिट्टू' निकला गैंग का मुखबिर
तफ्तीश के दौरान पुलिस के हाथ एक बड़ा सुराग लगा, जिसके बाद निकटवर्ती ग्राम पंचायत लामिया के रहने वाले युवक बिट्टू उर्फ महेंद्र जींजवारिया को गिरफ्तार किया गया. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह आरोपी लगातार श्याम सुंदर पूनिया की रेकी कर रहा था. वह पूनिया के आने-जाने के वक्त से लेकर उनके हर छोटे-बड़े कारोबार की सीक्रेट इंफॉर्मेशन लॉरेंस गैंग के गुर्गों तक वॉट्सऐप के जरिए पहुंचा रहा था.
JP Sharma 
