अजमेर का केकड़ी राज्य का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित

शहरवासियों को 24 घंटे फ्री हाई-स्पीड इंटरनेट की मिलेगी सुविधा, अलग से किसी डिवाइस की जरूरत नहीं

अजमेर का केकड़ी राज्य का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित

अजमेर जिले का केकड़ी शहर अब डिजिटल क्रांति का नया केंद्र बन गया है। 10 अप्रैल को स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने केकड़ी को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित किया। 3 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट के तहत अब शहरवासियों को 24 घंटे फ्री हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- डिजिटल क्रांति के दौर में फ्री वाई-फाई जोन बनाना भविष्य की जरूरत है। सरकार का यह दूरदर्शी कदम है।

केकड़ी शहर को 8 जोन में बांटा :
केकड़ी शहर में 3 करोड़ की लागत से विकसित की गई इस फ्री वाई-फाई परियोजना के तहत शहर के 8 मुख्य सार्वजनिक जगहों पर वाई-फाई राउटर लगाए गए हैं। इनमें राजकीय जिला अस्पताल, नगर पालिका परिसर, बस स्टैंड, पंचायत समिति, घंटाघर, तेलियान मंदिर, खाटू श्याम मंदिर और कोर्ट परिसर शामिल हैं।

8 लोकेशन पर 45 एक्सेस पॉइंट :
शहर में 8 लोकेशन पर 45 एक्सेस पॉइंट लगाए हैं। एक पॉइंट से 100 मीटर के एरिया में लोग इंटरनेट कनेक्ट कर सकेंगे। इंटरनेट की इस सुविधा से एक बार में 5 हजार लोग जुड़ सकेंगे। इस दौरान लोगों को 5 एमबीपीएस की स्पीड मिलेगी। राउटर लगाने वाली कंपनी 3 साल तक इसका मेंटेनेंस करेंगी। इस मॉनिटरिंग के लिए नगर पालिका में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां हर समय दो टेक्निकल कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने केकड़ी के लोगों को दी बधाई :
केकड़ी के वाई-फाई जोन बनने को लेकर मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने लोगों को बधाई दी। मंत्री ने कहा- केकड़ी को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित करते हुए शहरवासियों को 24 घंटे निशुल्क इंटरनेट की सुविधा दी गई है। डिजिटल युग में यह पहल केकड़ी को तकनीकी रूप से सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दूरदर्शी निर्णय है, जो युवाओं, स्टूडेंट्स और व्यापारियों के लिए नए अवसर के द्वार खोलेगा।