डाइवर पर लगा महिला का कीमती थैला गायब करने का आरोप
सीकर के धोद क्षेत्र में कैंपर गाड़ी से महिला का जेवरों से भरा थैला गायब। ड्राइवर पर मिलीभगत और धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच शुरू।
सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र में कैंपर गाड़ी की छत पर रखा महिला का थैला गायब होने का मामला सामने आया है। थैले में लाखों रुपए के जेवरात और नकदी होने की बात कही गई है। महिला ने ड्राइवर पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। धोद थाने में दिसनाऊ निवासी सुमन देवी ने रिपोर्ट देकर बताया कि 25 अप्रैल को वह अपनी बड़ी बहन से मिलने के लिए गुनाठू गांव जा रही थी। दोपहर करीब 1:20 बजे उन्हें सेवद बड़ी गांव में एक कैंपर गाड़ी मिली, जो सवारियां लेकर फतेहपुरा जा रही थी। उस समय गाड़ी में पहले से 10 से 13 यात्री बैठे हुए थे।
महिला के मना करने पर भी गाड़ी के ऊपर रखा थैला
सुमन भी उस गाड़ी में बैठ गई। सुमन के पास 2 थैले जो उसने अपनी गोद में रख लिए। तब ड्राइवर गिरधारीलाल वहां आया और उसने दोनों थैलों को कैंपर गाड़ी के ऊपर रखने के लिए कहा। लेकिन सुमन ने इसके लिए मना किया। ड्राइवर गिरधारीलाल कहने लगा कि आपके थैले नीचे नहीं गिरेंगे,इसकी जिम्मेदारी मेरी है। सुमन के बार-बार मना करने के बावजूद भी ड्राइवर ने थैलों को ऊपर रख दिया। रास्ते में बिंजासी गांव तक दोनों थैले गाड़ी के ऊपर थे। लेकिन जब सुमन ने फतेहपुरा में गाड़ी से नीचे उतरकर किराया देते समय ड्राइवर से थैले मांगे तो उसने कहा कि आपका थैला तो गिर गया।
मांगने पर ड्राइवर ने महिला को धमकी दी
सुमन ने कहा कि जब तक थैला नहीं मिलेगा तब तक गाड़ी को आगे नहीं जाने दूंगी। इसके बाद ड्राइवर धमकी देने लगा कि आपको गाड़ी महंगी पड़ जाएगी। मेरे खिलाफ मुकदमा करवाओगी तो अपने बच्चों का रिश्ता कैसे करोगी। सुमन देवी के थैले में सोने का सूत,सोने की मटरमाला सहित लाखों रुपए के जेवरात और करीब 3500 रुपए थे। सुमन देवी को आशंका है कि ड्राइवर ने मिलीभगत करके ही थैला गायब किया। फिलहाल सुमन देवी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया है।
Ayush Pareek 
