धौलपुर में एसीबी का एक्शन, जूनियर असिस्टेंट 25 हजार लेते ट्रैप
बसेड़ी पंचायत समिति के रतनपुर ग्राम पंचायत में कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
राजस्थान के धौलपुर में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी को रंगे हाथों दबोच लिया. बसेड़ी पंचायत समिति के रतनपुर ग्राम पंचायत में कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत रतनपुर में मनरेगा योजना के तहत मस्टरोल जारी करने के बदले जूनियर असिस्टेंट रमेश कुमार ने उससे 26 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की. इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी मुख्यालय ने तुरंत इसका सत्यापन कराया. गोपनीय सत्यापन में ये स्पष्ट हो गया कि आरोपी कर्मचारी ने रिश्वत की मांग की है.
ACB के ट्रैप में फंसा आरोपी
शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी भरतपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई. डीएसपी ज्ञानचन्द के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने जाल बिछाया. जैसे ही परिवादी ने आरोपी रमेश कुमार को 25,000 रुपये की रिश्वत राशि दी, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान घूस की यह रकम आरोपी की पैंट से बरामद हुई है.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई को एसीबी की महानिरीक्षक पुलिस मती एस परिमला के दिशा-निर्देशन में अंजाम दिया गया है. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है. एसीबी ने भ्रष्ट कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब विभाग इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और गहन अनुसंधान में जुट गया है.
देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।
JP Sharma 
