जोधपुर में ट्रोलिंग से परेशान महिला इन्फ्लूएंसर ने खाया जहर

जोधपुर की कंटेंट क्रिएटर अनीता बिश्नोई ने कथित तौर पर सोशल मीडिया ट्रोलिंग से परेशान होकर जहर खा लिया। घटना से पहले उन्होंने फेसबुक पर भावुक पोस्ट साझा की थी। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

जोधपुर में ट्रोलिंग से परेशान महिला इन्फ्लूएंसर ने खाया जहर
Anita Dinesh Bishnoi

राजस्थान के जोधपुर में सोशल मीडिया ट्रोलिंग से परेशान एक महिला इन्फ्लूएंसर द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी में रहने वाली कंटेंट क्रिएटर अनीता बिश्नोई ने बुधवार सुबह कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अनीता ने यह कदम उठाने से करीब पांच घंटे पहले फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा किया था। पोस्ट में उन्होंने लिखा था, "आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।" इस पोस्ट के बाद परिवार और परिचितों में चिंता बढ़ गई थी।

अनीता के पति दीनाराम ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर उनकी पत्नी को लगातार निशाना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि अनीता द्वारा महिलाओं की वेशभूषा पर बनाए गए एक वीडियो को लेकर उन्हें करीब 15 दिनों से ट्रोल किया जा रहा था।

दीनाराम के अनुसार, कुछ लोग सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए उनकी पत्नी को बदनाम करने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश कर रहे थे। लगातार हो रही ट्रोलिंग और कथित धमकियों के कारण अनीता तनाव में रहने लगी थीं।

पति ने बताया कि उन्होंने पहले अनीता को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह किसी से डरती नहीं हैं। हालांकि लगातार बढ़ते दबाव और मानसिक तनाव के बीच उन्होंने यह गंभीर कदम उठा लिया।

फिलहाल अनीता का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और सोशल मीडिया ट्रोलिंग व कथित धमकियों के पहलुओं की जांच की जा सकती है।