खाटूश्यामजी मेले में बस सेवा ठप, जयपुर रूट पर हड़ताल से श्रद्धालु परेशान

सीकर के खाटूश्यामजी फाल्गुनी मेले के दौरान जयपुर रूट की प्राइवेट बसें हड़ताल पर। चालान विवाद के बीच हजारों श्रद्धालु फंसे।

खाटूश्यामजी मेले में बस सेवा ठप, जयपुर रूट पर हड़ताल से श्रद्धालु परेशान

सीकर : सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी मंदिर में चल रहे फाल्गुनी लक्खी मेले के बीच श्रद्धालुओं को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाटूश्यामजी से जयपुर जाने वाली प्राइवेट बसों का संचालन अचानक ठप हो गया है, जिससे हजारों भक्तों की यात्रा प्रभावित हुई है।

दरअसल, प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने प्रशासन के खिलाफ हड़ताल का ऐलान कर दिया है। ऑपरेटरों का आरोप है कि जयपुर में जगह-जगह भारी चालान काटे जा रहे हैं और चालक-परिचालकों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उनका दावा है कि हर बस पर 10 से 15 हजार रुपये तक के चालान लगाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

हड़ताल के चलते दोपहर 12 बजे से बसों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया। इसका सबसे ज्यादा असर मेले में आए श्रद्धालुओं पर पड़ा, जिन्हें जयपुर जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को मजबूरी में खाटूश्यामजी से पहले हीरापुरा बस स्टैंड तक निजी साधनों से पहुंचना पड़ रहा है, जहां से आगे की बसें मिल रही हैं।

इस बीच, बस संचालकों ने मांग की है कि मेला अवधि के दौरान जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से बस संचालन की अनुमति दी जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो वे अगले दिन राजनीतिक दल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन करेंगे।

फिलहाल, प्रशासन और बस ऑपरेटरों के बीच गतिरोध बना हुआ है, जिसका खामियाजा सीधे तौर पर श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ रहा है।