अजमेर में शराब कारोबारी भाजपा नेता को 2 करोड़ की धमकी, गोदारा गैंग का नाम

अजमेर में शराब कारोबारी को गोदारा गैंग के नाम से 2 करोड़ की रंगदारी की धमकी। इंटरनेशनल कॉल से धमकी, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अजमेर में शराब कारोबारी भाजपा नेता को 2 करोड़ की धमकी, गोदारा गैंग का नाम

अजमेर में एक शराब कारोबारी को गोदारा गैंग की तरफ से जान से मारने की धमकी मिली है। कॉलर ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। कॉलर ने अपना नाम राहुल फतेहपुर बताया। बोला- कुचामन रूलानिया हत्याकांड जैसा हाल कर दूंगा। मामले में पीड़ित जितेंद्र रंगवानी ने हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में शिकायत दी है। मामला 16 अप्रैल को शाम 4.30 बजे का है। थाने में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, वह शराब का व्यवसाय करता है। अजमेर में उसके चार शराब के ठेके हैं। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई है और कॉल की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुट गई है।

कॉलेर ने कहा- कुचामन रूलानिया हत्याकांड जैसा होगा अंजाम

पीड़ित कोटड़ा निवासी भाजपा नेता जितेंद्र रंगवानी(43) ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 16 अप्रैल को शाम 4:30 बजे जब वह भगवान गंज पर सैलून पर कटिंग करवा रहा था। तभी उसके पास एक कॉल आया था। पीड़ित रंगवानी ने बताया की कॉलर ने व्हाट्सएप पर कॉल किया था। इंटरनेशनल नंबर से कॉलिंग की गई थी। कॉलर के द्वारा उसे धमकी देकर 2 करोड़ रुपए की मांग की गई। कॉलर ने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो कुचामन रूलानिया हत्याकांड जैसा हश्र कर दूंगा। इसके साथ ही उसे रिकॉर्डिंग भी भेजी, जिसमें उसे 2 करोड़ नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। आरोपी कॉलर ने रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताकर उसे जान से मारने की धमकी दी है। कॉलर ने अपना नाम राहुल फतेहपुर और वीरेंद्र चारण बताया।

राहुल ने कॉल करके कहा कि,"क्या हाल-चाल है तुम्हारे...

कॉलर ने कहा कि मैं राहुल बोल रहा हूं फतेहपुर से रोहित गोदारा गैंग का। तुझे 2 करोड़ की फिरौती के लिए फोन किया है। यदि तुझे नाटक करना है बात सुनकर फोन काटने का तो तेरे को बहुत महंगा पड़ जाएगा। कल को ऐसा नहीं हो कि तुम्हारी जगह फोन कोई और ही उठाए। तुम्हारे भाईचारे वाली भाषा समझ में आ रही हो तो ठीक है। तुम बोल रहे हो ना कि जानता नहीं, तो यह वॉइस एसपी ऑफिस में ले जाना और वहां पूछ लेना कि साहब यह वॉइस कन्फर्म करके बताओ और यह भी पूछ लेना कि पैसे नहीं दिए तो क्या होगा। कुचामन में रमेश रूलानिया की भी तुझ सी ही भाषा थी वह भी नहीं जानता था। फिलहाल हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

5 साल पहले शराब कारोबारी पीड़ित ने पार्षद का चुनाव लड़ा था

बता दें कि पीड़ित जितेंद्र रंगवानी अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 से 5 साल पहले भाजपा के चिन्ह से पार्षद का चुनाव भी लड़ा था। लेकिन उसे चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। वर्तमान में जितेंद्र रंगवानी भाजपा में सक्रिय है। हालांकि, उनके पास अभी कोई भाजपा में पद नहीं है। वह मूल रूप से एक शराब कारोबारी है।