LPG Price Hike: कॉमर्शियल गैस सिलेंडर फिर हुआ महंगा, राजस्थान में 3141 रुपए पहुंची कीमत
राजस्थान में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़कर 3141 रुपये हो गई है। हालांकि 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जानें नई दरें और इसका असर।
अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा उत्पादों की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने एक बार फिर एलपीजी गैस की कीमतों की समीक्षा करते हुए 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं।
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार, कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 42 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद राजस्थान में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 3099 रुपये से बढ़कर 3141 रुपये का हो गया है।
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजस्थान में यह सिलेंडर पहले की तरह 916.50 रुपये में ही उपलब्ध रहेगा।
सालभर में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस साल लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। 31 दिसंबर तक जो 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर 1608 रुपये में मिलता था, उसकी कीमत अब बढ़कर 3141 रुपये तक पहुंच गई है।
इस वर्ष अब तक हुई बढ़ोतरी इस प्रकार है:
जनवरी : 111 रुपये
फरवरी : 49.50 रुपये
मार्च : 141.50 रुपये
अप्रैल : 195 रुपये
मई : 993 रुपये
जून : 42 रुपये
यानी सिर्फ छह महीनों में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 1533 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।
होटल-रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ेगा असर
कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है। ऐसे में लगातार बढ़ती कीमतों का असर कारोबारियों की लागत पर पड़ेगा। माना जा रहा है कि इसका असर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी बनी रही तो आने वाले महीनों में भी एलपीजी दरों पर दबाव बना रह सकता है।
Saloni Kushwaha 
