JEE Advanced 2026: झुंझुनूं के जतिन चाहर ने देशभर में हासिल की तीसरी रैंक, बिहार के शुभम बने टॉपर
JEE Advanced 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है। बिहार के शुभम कुमार ने AIR-1 हासिल की, जबकि राजस्थान के झुंझुनूं के जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे। इस बार टॉप-10 में 6 छात्रों ने कोटा और सीकर से तैयारी की है।
जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट रविवार देर रात जारी कर दिया गया। इस साल बिहार के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं दिल्ली के कबीर छिल्लर दूसरे और राजस्थान के झुंझुनूं के जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे।
इस बार टॉप-10 रैंकर्स में शामिल 6 छात्रों ने राजस्थान के कोटा और सीकर स्थित कोचिंग संस्थानों से तैयारी की है, जिससे एक बार फिर राजस्थान देश की इंजीनियरिंग कोचिंग राजधानी के रूप में चर्चा में आ गया है।
31.65 फीसदी छात्र हुए सफल
इस वर्ष JEE Advanced परीक्षा में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। इस प्रकार परीक्षा का कुल सफलता प्रतिशत 31.65 फीसदी रहा।
बढ़ा कटऑफ, कठिन हुई राह
JEE Advanced 2026 में इस बार कटऑफ बढ़कर 92 अंक पहुंच गया है। पिछले वर्ष की तुलना में कटऑफ में 18 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं जनरल कैटेगरी के लिए विषयवार कटऑफ में भी 8 अंकों का इजाफा हुआ है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार छात्रों के बेहतर प्रदर्शन और प्रतियोगिता के स्तर में वृद्धि के कारण कटऑफ बढ़ा है।
झुंझुनूं के जतिन चाहर ने हासिल की तीसरी रैंक
ऑल इंडिया रैंक-3 हासिल करने वाले जतिन चाहर ने सीकर में रहकर तैयारी की। उन्हें कुल 319 अंक प्राप्त हुए। जतिन राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गोठ गांव के निवासी हैं।
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए जतिन ने कहा कि उन्होंने शुरुआत से ही कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर विशेष ध्यान दिया और नियमित अभ्यास को अपनी रणनीति का हिस्सा बनाया।
कोटा के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
कोटा के छात्र अर्णव गौतम ने ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल की। वहीं कनिष्क जैन ने 8वीं और दर्श सिक्का ने 10वीं रैंक प्राप्त कर कोटा का नाम रोशन किया।
गर्ल्स कैटेगरी में टॉप करने वाली आरोही ने भी कोटा से ही तैयारी की है। उन्हें ऑल इंडिया 77वीं रैंक प्राप्त हुई है।
एक बार फिर चमका राजस्थान का कोचिंग हब
JEE Advanced 2026 के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोटा और सीकर देश के प्रमुख इंजीनियरिंग कोचिंग केंद्र बने हुए हैं। टॉप-10 में शामिल अधिकांश छात्रों का इन शहरों से जुड़ाव राजस्थान के कोचिंग मॉडल की सफलता को दर्शाता है। अब सफल छात्र देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थानों में प्रवेश पाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
Saloni Kushwaha 
