भरतपुर में ज्वेलर की हत्या से मातम, परिवार से मिलकर रो पड़े पूर्व विधायक अवाना
भरतपुर के नदबई में ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा की हत्या के बाद पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना परिवार से मिले और भावुक हो गए। व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया।
भरतपुर जिले की नदबई क्षेत्र में ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा के साथ लूट और उनकी हत्या के बाद गुरुवार को पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना उनके परिवार जानो से मिले। पूर्व विधायक ज्वेलर के बेटे भाई और उनकी मां से मुलाकात के दौरान भावुक हो गए और रोने लगे। वहीं ज्वेलर की मां पूर्व विधायक अवाना को देख कर फुट-फुटकर रोने लगी। उन्होंने कहा की, "मेरे बेटे ने किसी के साथ कोई गलत काम नहीं किया। गोली लगने के बाद भी उसे कोई अस्पताल लेकर नहीं गया, लोग वहां खड़े होकर वीडियो बनाते रहे। अगर समय पर अस्पताल ले जाते तो वह ठीक भी हो जाता।" उनकी बात सुन पूर्व विधायक ने उन्हें सांत्वना दी।
मुलाकात के बाद अवाना ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा - 'आंखों का दर्द देख भावुक हो गया था।"

इससे पहले गुरुवार को विधायक जगत सिंह ने भी परिवार से मुलाकात कर कहा था, "हैवानों को पकड़ा जायेगा। खून का बदला खून से लेंगे। ज्वेलर के हत्यारों को पकड़ने वालों को 1 लाख रूपए दूंगा।"
क्या है पूरा मामला ?
नदबई में पंजाबी कॉलोनी के रहने वाले ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा (45) बुधवार 25 मार्च 2026 की शाम करीब 7:15 बजे नगर तिराहे पर स्थित अपनी दुकान से स्कूटी पर घर लौट रहे थे। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। गले में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।
लोगों और व्यापारियों ने घटना के विरोध में शव के साथ बाजार में रैली निकाली थी और थाने के सामने प्रदर्शन किया था।
प्रशासन को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम
घटना के विरोध में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे व्यापारियों ने एसडीएम सचिन यादव को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। पीसीसी सचिव प्रशांत उपाध्याय ने बताया था, "ज्वेलर के परिजनों को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी गई है।"
व्यापारियों ने कहा कि हत्यारों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो एसडीएम ऑफिस पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। मामले में एसपी दिगंत आनंद का कहना है कि वारदात को रेकी के बाद अंजाम दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध नजर आए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Ayush Pareek 
