साइबर ठग ओर मनी लॉन्ड्रिंग के 2 आरोपियों को झालावाड़ पुलिस ने किया गिरफ्तार

झालावाड़ जिले में गंगधार थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगो को गिरफ्तार किया है.

साइबर ठग ओर मनी लॉन्ड्रिंग के 2 आरोपियों को झालावाड़ पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजस्थान के झालावाड़ जिले में गंगधार थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगो को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, चेकबुक, खाली स्टांप पेपर, फर्जी मोहरें, वाईफाई राउटर, एंड्रॉइड मोबाइल व सिम कार्ड सहित एक बाइक भी बरामद की गई है.

मामले में जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ झालावाड़ पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी रखकर कार्रवाई की जा रही है. तकनीकी टीम द्वारा मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर गंगधार थाना पुलिस ने चौमहला कस्बे के एक किराए के मकान से गोंडा उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों हरिशंकर तथा आलोक जायसवाल को गिरफ्तार किया.

मौके से एक फर्म की 6 फर्जी मोहरें, 9 पैन कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, 10 आधार कार्ड, 2 ड्राईविंग लाईसेंस, 2 फर्म फोटोग्राफ, 4 चेक बुक, 2 बैंक पासबुक, पेमेंट जमा की पर्चियां, 5 एंड्रॉईड मोबाईल, सिम कार्ड, वाईफाई राउटर, खाली स्टांप पेपर सहित अन्य दस्तावेज और एक बुलेट बाइक भी बरामद की गई है.

एसपी अमित बुडानिया ने बताया कि साइबर ठगी में लिप्त ये दोनों आरोपी गरीब व अनपढ़ लोगों को प्रलोभन देकर आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर उनके नाम से बैंक अकाउंट खोलते थे और उन खातों के माध्यम से ऑनलाइन ठगी तथा मनी लॉन्ड्रिंग का साइबर अपराध कर रहे थे.

झालावाड़ पुलिस की साइबर सेल टीम ने यह गोपनीय जानकारी गंगधार थाना पुलिस को उपलब्ध कराई, जिसके बाद गंगधार थानाधिकारी अमरनाथ जोगी के नेतृत्व में गठित टीम ने चौमहला कस्बे में किराए से रह रहे आरोपियों के कमरे में छापेमारी की और मौके से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और दस्तावेज बरामद किए. पुलिस अब आरोपियों से साइबर ठगी के इस खेल में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.