Sawai Madhopur में ACB की बड़ी कार्रवाई: BDO जगदीश प्रसाद मीणा 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
सवाई माधोपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक विकास अधिकारी एवं अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबंधक जगदीश प्रसाद मीणा को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर बीपीएम कर्मचारियों को कार्यमुक्त नहीं करने और लंबित बिल पास करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है। सरकारी व निजी आवास पर सर्च ऑपरेशन भी चल रहा है।
सवाई माधोपुर : राजस्थान के सवाई माधोपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक विकास अधिकारी एवं अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबंधक जगदीश प्रसाद मीणा को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है।
एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर यह ट्रैप कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी परिवादी और उसके दो साथियों को उनकी बीपीएम की नौकरी से कार्यमुक्त नहीं करने और लंबित यात्रा भत्ता व अन्य बिल पास करने के बदले प्रत्येक से 1-1 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। आरोप है कि आरोपी ने परिवादी पर दबाव बनाकर तीनों की रकम एक साथ लाने के लिए मजबूर किया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया, जो सही पाया गया। इसके बाद उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन और महानिरीक्षक सतेन्द्र कुमार के निर्देशन में आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसीबी की टीम अब आरोपी के सवाई माधोपुर स्थित सरकारी आवास और कोटा स्थित निजी आवास पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। अधिकारियों द्वारा दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर किया है। वहीं, एसीबी की लगातार कार्रवाई से यह संकेत भी मिल रहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से अभियान जारी रहेगा।
Hindu Solanki 
