Jodhpur में भीषण गर्मी, अस्पताल में मरीजों के लिए खास इंतजाम
जोधपुर में 45°C तापमान के बीच एमडीएम अस्पताल में मरीजों के लिए टेंट, कूलर और पानी की सुविधा। गर्मी से राहत के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
जोधपुर में गर्मी का असर जारी है। दिन के समय तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है। इसके चलते आम जनजीवन काफी परेशान है। आमजन की सहूलियत के लिए जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में डॉक्टर विकास राजपुरोहित के नेतृत्व में खास पहल की गई है। यहां पर आने वाले मरीजों के लिए वेटिंग एरिया में टेंट लगाए गए हैं। इसमें कूलर और कुर्सियां लगाई गई हैं। जहां मरीज और उनके परिजन गर्मी से राहत पाने के लिए आराम से बैठ सकते हैं।
अस्पताल के सहायक प्रशासनिक अधिकारी विपिन पुरोहित ने बताया- अस्पताल के स्टाफ ने मिलकर यहां पर एक गार्डन में छायादार स्टैंड भी बनाया है। यहां पर मरीज और उनके परिजन बैठ सकते हैं। इसके अलावा यहां पर पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। क्योंकि गर्मी के मौसम में पानी पीकर लोग गला तर कर सकते हैं। इसको लेकर यह प्रयास किया गया है।
इसके अलावा अस्पताल में भामाशाहों के सहयोग से एक सुविधाओं वाला प्रतीक्षालय भी इस गर्मी की सीजन में बनाया गया है। जहां पर स्टील की कुर्सियां लगाई गई हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ये व्यवस्था की गई है।
Ayush Pareek 
